Whats App पर सोनिया गांधी की आपत्तिजनक तस्वीर Viral, युवक की हत्या
व्हाट्सएप ग्रुप पर सोनिया गांधी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने पर बवाल हो गया है। इस तस्वीर को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई।
नई दुनिया ब्यूरो, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक व्हाट्सएप ग्रुप में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने को लेकर हुए विवाद में युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की हत्या हो गई। तस्वीर पोस्ट करने वाले दो वकीलों ने बदमाशों के साथ मिलकर बुधवार रात युवक पर थाने के सामने चाकू से हमला किया था। घटना में आरोपी वकीलों को भी चोट पहुंची है, जिनका पुलिस अभिरक्षा में निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
युवा कांग्रेस नेता व पार्षद जतिन राज ने विजय नगर कांग्रेस के नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। इसमें कार्यकर्ताओं के अलावा कई वकील और क्षेत्रीय लोग शामिल थे। बुधवार रात एडवोकेट प्रशांत नायक ने उक्त ग्रुप में सोनिया गांधी की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उमेश वर्मा ने प्रशांत नायक के घर जाकर उसे तस्वीरें पोस्ट करने के लिए मना किया। इसको लेकर प्रशांत और उमेश के बीच हाथापाई हो गई। कुछ देर में दोनों तरफ के लोग एकत्रित हो गए और विवाद बढ़ गया। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए।
विजयनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह के अनुसार, अहिंसा चौक के पास हुए विवाद की शिकायत करने के लिए दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। गहमागहमी के बीच प्रशांत नायक, वकील शशांक शुक्ला, संजू ठाकुर और सागर ठाकुर के साथ थाने के बाहर पहुंचा। विवाद के दौरान एडवोकेट शशांक शुक्ला ने उमेश व उसके साथियों पर चाकू से हमला कर दिया। उमेश की पसली में गहरा घाव लगा जिसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उमेश की मौत हो गई।
तनाव के बीच अंतिम संस्कार
उमेश की मौत को लेकर क्षेत्र में तनाव है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आरोपियों के घर में भी पहरा बिठा दिया है। दोपहर बाद उमेश का अंतिम संस्कार किया गया।
शशांक का आपराधिक रिकॉर्ड
एडवोकेट शशांक शुक्ला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। सूत्रों के अनुसार कुछ माह पूर्व विजय नगर की तत्कालीन थाना प्रभारी शबाना परवेज के साथ भी शशांक शुक्ला, संजू ठाकुर और प्रशांत नायक का विवाद हुआ था। इन्हीं की शिकायत पर शबाना परवेज को सस्पेंड किया गया था।