सोनिया ने जाना पीड़ित किसानों का दर्द
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित राजस्थान अब राजनीति का केंद्र बनता जा रहा है। शुक्रवार को जहां कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोटा संभाग के दौरे पर रहीं, वहीं केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री मोहन भाई कुंडारिया ने भी राज्य के तीन कैबिनेट मंत्रियों के साथ नुकसान का जायजा लिया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित राजस्थान अब राजनीति का केंद्र बनता जा रहा है। शुक्रवार को जहां कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोटा संभाग के दौरे पर रहीं, वहीं केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री मोहन भाई कुंडारिया ने भी राज्य के तीन कैबिनेट मंत्रियों के साथ नुकसान का जायजा लिया। एक दिन पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कोटा और बूंदी के किसानों के बीच पहुंचकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था।
सोनिया गांधी विशेष विमान से दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह के निर्वाचन क्षेत्र झालावाड़ पहुंची और वहां से हेलिकॉप्टर से कोटा पहुंची। वहां से सड़क मार्ग से कोटा के सुल्तानपुर एवं लाडपुरा पंचायत क्षेत्र के दरबीना और मोरपा गांवों का दौरा किया। सोनिया ने खेतों में जाकर खराब हुई फसल देखी और किसानों की पीड़ा सुनी।
सोनिया ने सरकार द्वारा दिए जा रहे मुआवजे को नाकाफी बताया और मुआवजे की पुरानी व्यवस्था को बदलने की बात कही। कहा कि हम सरकार में नहीं लेकिन किसानों के साथ मुआवजे ज्यादा से ज्यादा दिलवाने की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं।