पहाड़ पर बर्फबारी जारी, मैदानी इलाको में शीतलहर और कोहरे की मार
देश के उत्तरी हिस्से में भीषण शीतलहर जारी है। नए साल का पहला दिन ठिठुरते हुए बीता। गलन की वजह से शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन भी हिमपात हुआ जबकि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कुछ म
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। देश के उत्तरी हिस्से में भीषण शीतलहर जारी है। नए साल का पहला दिन ठिठुरते हुए बीता। गलन की वजह से शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन भी हिमपात हुआ जबकि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कुछ मैदानी प्रदेशों में घने कोहरे से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। बुधवार को भी कश्मीर का संपर्क पूरे देश से कटा रहा। बर्फबारी के चलते बंद हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन जहां-तहां फंसे हुए हैं। ट्रेन यातायात भी पूरी तरह बाधित है। उच्चपर्वतीय इलाकों में लगातार हो रहे हिमपात के कारण हिमस्खलन का अंदेशा जताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सड़क यातायात पर कोहरे का काफी असर पड़ा। ऑफिस जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान में ठंडी हवाओं के रुख में कोई तब्दीली नहीं आई है। सूर्य देवता ने दर्शन तो दिए पर बादलों के साथ उनकी लुकाछुपी चलती रही। पंजाब में सबसे ठंडा अमृतसर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में हल्की बारिश की भी खबर है। हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी बरकरार है। विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आने वाले 24 घंटे प्रदेश के लिए भारी पड़ने वाले हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात होगा और इससे प्रदेश शीतलहर की चपेट में ही रहेगा। कल्पा में तीन व केलंग में चार सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। जनजातीय क्षेत्रों में हालात यह हो चुके हैं कि घर के अंदर भी ठंड लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही है।
पढ़ें: कड़कड़ाती ठंड में खुले आसमान के नीचे सिसकते मासूम
हिमपात से बेहाल कश्मीर के उच्चपर्वतीय इलाकों में लगातार जारी बर्फबारी, ठप पड़ी बिजली-पानी की आपूर्ति, विभिन्न इलाकों का जिला मुख्यालय से संपर्क कटे रहने और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त रहा। इस पर सामान्य से लगभग नौ डिग्री नीचे जा चुके अधिकतम तापमान और ठंडी हवाओं के थपेड़ों ने कहर बरपाना जारी रखा। दिन भर सड़कों से बर्फ हटाने का काम चलता रहा। दोपहर बाद हवाई सेवा भी बहाल हो गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर