Weather Updates: पहाड़ों पर नहीं रुक रही बर्फबारी, मौसम विभाग का ये है अलर्ट
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अब भी ठंडा बना हुआ है। वहीं पहाड़ों में भारी बर्फबारी और बारिश के चलते शुरू हुई शीत लहर से लोगों की दिक्कत बढ़ गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अब भी ठंडा बना हुआ है। वहीं, पहाड़ों में भारी बर्फबारी और बारिश के चलते शुरू हुई शीत लहर से लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद चल रही हवा के कारण दिल्ली में ठंड बढ़ सकती है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है, जबकि दिन में धूप निकल सकती है। वहीं 27 जनवरी को बारिश की भी संभावना है।
मौसम के रुख में आया बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मौसम के रुख में बदलाव आया। इससे दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़कर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
चांदी जैसे चमक उठे त्रिकुटा के पहाड़
जम्मू कश्मीर में मंगलवार को उच्च पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से त्रिकुटा के पहाड़ा चांदी जैसे चमक उठे हैं। भैरव घाटी से लेकर अर्द्धकुंवारी तक पूरे यात्रा मार्ग पर बर्फ गिरी है। यह इस सीजन में चौथी बार बर्फबारी हुई है। बर्फबारी और बारिश के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ गया। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने खराब मौसम के चलते बैटरी कार सेवा, हेलीकॉप्टर सेवा और भवन से भैरव घाटी के बीच चलने वाली पैसेंजर केबल कार को फिलहाल बंद कर दिया है।
हिमाचल में शीत लहर
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर व चंबा जिलों में बर्फबारी हुई। सबसे अधिक 106.68 सेंटीमीटर बर्फबारी कांगड़ा जिले के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में हुई। प्रदेश में कई जगह बारिश और बर्फबारी होने से शीतलहर तेज हो गई है। इससे प्रदेश में तापमान गिरा है। वहीं, शिमला, कुफरी व नारकंडा में बर्फबारी के कारण दोपहर तक ऊपरी क्षेत्रों के लिए यातायात बाधित रहा।
हेलीपैड में 23 रेफर मरीज फंसे
कुल्लू व मंडी जिला में खराब मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लाहुल के विभिन्न हेलीपैड में 23 रेफर मरीज फंसे रहे। इसके अलावा प्रदेश में करीब 332 सड़कें बंद रहीं और 121 ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
24 और 25 को बारिश, बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग ने 22 जनवरी को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी व बारिश जबकि अन्य स्थानों पर मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार प्रदेश में 23 जनवरी को मौसम साफ रहेगा जबकि 24 और 25 जनवरी को कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
उत्तराखंड पहुंचे पर्यटकों में खुशी
इस बार पहाड़ों की रानी मसूरी पर कुदरत मेहरबान है। सात साल में यह पहला मौका है जब मसूरी में जनवरी में तीन बार हिमपात हो चुका है। अभी जनवरी के तीन सप्ताह ही बीते हैं, उम्मीद जताई जा रही है कि अभी मसूरी पर मौसम की मेहरबानी जारी रहेगी।
23 जनवरी तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा औली रोपवे
विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा केंद्र औली को जोशीमठ से जोड़ने वाला रोपवे 23 जनवरी तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। दरअसल, आगामी सात से 11 फरवरी तक औली में नेशनल स्कीइंग एंड स्नो बोर्ड चैंपियनशिप का आयोजन होना है। इसके चलते यह पर्यटकों के लिए बंद किया गया है।