Move to Jagran APP

महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और यूपी ने बढ़ाई चिंता, कुल मामले 10.50 लाख के पार

कोरोना के खिलाफ लड़ाई पांच राज्यों के चलते पटरी से उतरती नजर आ रही है। इन राज्यों में बढ़ते मामलों ने रणनीतिकारों की चिंता बढ़ा दी है। जानें कौन से हैं वो राज्‍य...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sat, 18 Jul 2020 11:24 PM (IST)Updated: Sun, 19 Jul 2020 03:02 AM (IST)
महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और यूपी ने बढ़ाई चिंता, कुल मामले 10.50 लाख के पार
महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और यूपी ने बढ़ाई चिंता, कुल मामले 10.50 लाख के पार

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस के खिलाफ देश की लड़ाई पांच राज्यों के चलते पटरी से उतरती नजर आ रही है। इन राज्यों में बढ़ते मामलों ने रणनीतिकारों की चिंता बढ़ा दी है। बिगड़ते हालात ने तो कई राज्यों को आंशिक लॉकडाउन लगाने जैसे सख्त कदम उठाने को मजबूर कर दिया है। शनिवार को देशभर में सामने आए रिकॉर्ड 37 हजार से अधिक नए मामलों में से 62 फीसद केस इन्हीं पांच राज्यों में मिले। ये राज्य हैं महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश। एक दिन के दौरान करीब 77.5 फीसद मौतें भी इन्हीं राज्यों में दर्ज की गई हैं।

loksabha election banner

22,418 लोग हुए स्वस्थ

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्त्रोतों से रात 10 बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक, 37,552 नए मामले सामने आए, जो एक दिन में नए मामलों की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,73,813 हो गई है। इस दौरान 22,418 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या भी 6,72,898 हो गई है। सक्रिय मामले 3,74,139 रह गए हैं। इस महामारी ने 26,776 लोगों की जान भी ले ली है।

इसलिए आंकड़ों में है अंतर

शनिवार को 542 लोगों की जान गई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 144, कर्नाटक में 93, तमिलनाडु में 88, आंध्र प्रदेश में 52, दिल्ली में 26, उत्तर प्रदेश में 24, गुजरात में 19, हरियाणा में 17, पंजाब में सात, ओडिशा व पुडुचेरी में तीन-तीन और केरल में दो मौतें शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को सूचनाएं मिलने में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर भी जारी करती हैं।

सुबह आठ बजे तक 34,884 नए मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते चौबीस घंटे के दौरान 34,884 नए मामले सामने आए हैं और 671 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 10,38,716 और मृतकों का आंकड़ा 26,273 पर पहुंच गया है। मंत्रालय के मुताबिक 6,53,750 अब तक पूरी तरह से ठीक हुए हैं और सक्रिय मामले 3,58,692 रह गए हैं।

महाराष्ट्र में आंकड़ा तीन लाख के पार

महाराष्ट्र में संक्रमितों का आंकड़ा तीन लाख को पार कर गया है। शनिवार को 8,384 नए मामले सामने आए और मरीजों की संख्या 3,00,937 हो गई। अब तक 11,596 लोगों की जान भी जा चुकी है। हालांकि, 5,306 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली और स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1,65,663 हो गई। सक्रिय मरीज 1,26,926 रह गए हैं। मुंबई में भी संक्रमितों की संख्या एक लाख को पार कर गई है। महानगर में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 70 फीसद हो गई है।

गुजरात में 960 नए केस

गुजरात में भी रिकॉर्ड 960 नए केस मिले हैं और कुल संक्रमित 47,476 हो गए हैं। इनमें से 34 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं और फिलहाल 11 हजार से कुछ ही अधिक सक्रिय मरीज रह गए हैं। इनमें से 75 गंभीर मरीज हैं। अब तक 2,127 लोगों की जान भी जा चुकी है। पुडुचेरी में 58 मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या आठ सौ हो गई है।

दिल्ली-केरल में कम हुए मामले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और दक्षिण भारत के राज्य केरल में नए मामलों में कुछ कमी आई है। दिल्ली में तो पिछले आठ दिनों से एक से दो हजार के बीच नए मामले सामने आ रहे हैं, केरल में पिछले दो दिनों की तुलना में कुछ कम केस मिले हैं। 1,475 नए मामलों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में अब तक संक्रमित पाए गए कुल मरीजों की संख्या 1,21,582 हो गई है। अब तक 3,597 लोगों की मौैत भी हुई है। केरल में 593 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 11,659 पर पहुंच गया है। इनमें करीब आधे से कुछ ज्यादा सक्रिय मामले हैं। अब तक 39 लोगों की मौत भी हुई है।

कर्नाटक और तमिलनाडु में बेकाबू संक्रमण

कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कोरोना के प्रसार पर रोक लगती नजर नहीं आ रही है। कर्नाटक में रिकॉर्ड 4,537 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 59,652 हो गई है। राज्य में अब तक 1,240 मरीजों की जान भी जा चुकी है। तमिलनाडु में भी 4,807 नए केस सामने आए और अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों की संख्या 1,65,714 हो गई। इस दौरान तीन हजार से ज्यादा मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली। एक लाख 13 हजार से ज्यादा लोग अभी तक ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,403 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है।

आंध्र प्रदेश में 3,963 नए केस

आंध्र प्रदेश में भी 3,963 नए केस मिले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा पूर्वी गोदावरी जिले में 994 केस शामिल हैं। राज्य में अब तक एक दिन में मिले नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही मरीजों का आंकड़ा 44,609 पर पहुंच गया है, जिसमें 22,260 सक्रिय मरीज हैं। अब तक 586 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है।

उत्तर प्रदेश में बिगड़ रहे हालात

कोरोना संक्रमण से उत्तर प्रदेश में भी स्थिति संभलती नजर नहीं आ रही है। राज्य में 1,673 नए केस मिले हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या 47,036 हो गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार डेढ़ हजार से ज्यादा नए मामले मिल रहे हैं। राज्य में अब तक 11,08 लोगों की जान भी जा चुकी है। इसी तरह ओडिशा में 591 नए केस मिले हैं और मरीजों की संख्या 16,701 हो गई है। हरियाणा में 750 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 25,547 हो गई है। छत्तीसगढ़ में 243 नए केस के साथ कुल मामले 5,246 और पंजाब में 350 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 9,792 हो गए हैं।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बढ़ रहे केस

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार को अरुणाचल प्रदेश में 66 नए केस मिले और आंकड़ा 609 पर पहुंच गया। इसके अलावा नगालैंड में 22, त्रिपुरा में 118 और मिजोरम में 10 नए मामले मिले और इन राज्यों में अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या क्रमश: 978, 2,380 और 282 हो गई। मणिपुर में 91 नए केस सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 1,891 हो गई है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.