जन आशीर्वाद यात्रा में शिवराज चौहान बोले, राजनीति में रोजगार खोज रहे हैं राहुल
साढ़े 14 वर्ष पूर्व कांग्रेस सरकार ने बीमारू राज्य हमें दिया था। हमने विकसित राज्य का दर्जा दिलाया।
नई दुनिया, खरगोन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान खरगोन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक और मंत्रियों के टिकट कटेंगे या नहीं, यह पार्टी तय करेगी। साढ़े 14 वर्ष पूर्व कांग्रेस सरकार ने बीमारू राज्य हमें दिया था। हमने विकसित राज्य का दर्जा दिलाया।
अब समृद्घ मध्य प्रदेश बनाने के लिए रोडमैप तैयार है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजनीति में रोजगार खोज रहे हैं। उन्होंने संसद में अशोभनीय कृत्य किया है। आंखें मटकाने की हमारी संस्कृति नहीं है। अति उत्साह में गली का कार्यकर्ता भी ऐसा नहीं करता। विपक्ष से मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा रखी जाती है। उन्हें परिपक्व व्यवहार करना चाहिए।
उन्होंने कमलनाथ को बुजुर्ग कहते हुए चुनौती दी कि भोपाल में बैठकर प्रेस नोट से सवाल पूछते हो, कभी सड़कों पर भी निकलकर देखो। कांग्रेस के किसान माफी के सवाल पर कहा कि नीति आयोग की बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई थी। वह भी किसानों के ढाई हजार करोड़ रुपये माफ कर सके। इससे अलग मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने न्यूतनम दर से 50 प्रतिशत मुनाफा देकर लागत मूल्य से 35 हजार करोड़ रुपये किसानों के खाते में डाले हैं।