शेखर कपूर ने बीबीसी से पूछा- उत्तरी आयरलैंड को ब्रिटिश अधिकृत आयरलैंड क्यों नहीं कहते
फिल्म निर्माता शेखर कपूर ने बीबीसी द्वारा जम्मू एवं कश्मीर को भारत अधिकृत कश्मीर कहे जाने की निंदा की है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। फिल्म निर्माता शेखर कपूर ने बीबीसी द्वारा जम्मू एवं कश्मीर को भारत अधिकृत कश्मीर कहे जाने की निंदा की है। फिल्म निर्माता ने बीबीसी से यह बताने की मांग की है कि आखिर उत्तरी आयरलैंड को 'ब्रिटिश अधिकृत आयरलैंड' क्यों नहीं कहा जाता है।
एक ट्वीट में शेखर कपूर ने कहा है, 'बीबीसी वर्ल्ड . हर बार आप कश्मीर को भारतीय अधिकृत कश्मीर कहते हैं। मुझे हैरत है कि आप उत्तरी आयरलैंड को 'ब्रिटिश अधिकृत आयरलैंड' कहने से क्यों बचते हैं।'
शेखर कपूर पहले व्यक्ति नहीं हैं जिन्होंने बीबीसी की आलोचना की है। बीबीसी जम्मू एवं कश्मीर को भारत प्रशासित कश्मीर कहता आया है। कई भारतीय आलोचकों ने इसे कश्मीर मुद्दे पर विदेशी मीडिया द्वारा अपना नजरिया पेश करने का आरोप लगाया है।
बीबीसी ने दी है सफाई
बीबीसी की एक न्यूज प्रेस टीम ने ट्वीट कर कहा है, 'बीबीसी अपनी पत्रकारिता के साथ खड़ा है और हम मजबूती से ऐसे किसी दावे का खंडन करते हैं कि हमने कश्मीर में घटनाओं की गलत प्रस्तुति दी है। हम निष्पक्षता पूर्वक और सटीकता से स्थिति की रिपोर्ट करते हैं। अन्य प्रसारकों की भांति हम वर्तमान में कश्मीर में कठोर प्रतिबंधों के तहत काम कर रहे हैं लेकिन हम क्या हो रहा है उसकी रिपोर्टिग जारी रखेंगे।'
पाकिस्तान क्यों नहीं समझता 370, उसके लिए सही नहीं है
शेखर कपूर ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है, 'मैं नहीं समझ पा रहा हूं कि आखिर पाकिस्तान को यह अनुभव क्यों नहीं हो रहा है कि अनुच्छेद 370 उसकी अपनी सुरक्षा के लिए एक खतरा है।' नरेंद्र मोदी सरकार ने जम्मू एवं कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 समाप्त कर दिया है। इसके बाद से पाकिस्तान के साथ रिश्ता और तनावपूर्ण हो गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप