शारदीय नवरात्रि हुए शुरू, पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई
इस साल शरद नवरात्रि का शुभारंभ चित्रा नक्षत्र में मां जगदम्बे के नाव पर आगमन से शुरू हो रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आज से शारदीय नवरात्रि का प्रारंभ हो गया है। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शारदीय नवरात्र 10 अक्टूबर (आश्विन शुक्ल प्रतिपदा) से शुरू हो रहा है। कलश स्थापन व ध्वजारोपण के लिए शुभ समय अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.37 से 12.23 बजे तक है। शास्त्र अनुसार 'चित्रावय धृतियोगे निषेधानुरोधेन अभिजिन्न मुहूर्त' अर्थात् चित्रा व वैद्धृति का योग प्रात:काल में आश्विन शुक्ल प्रतिपदा को बन रहा हो तो अभिजीत मुहूर्त में कलश स्थापन करना चाहिए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों नवराज की शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'नवरात्रि के पावन पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं। शक्ति की देवी मां दुर्गा सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं। जय मां जगदम्बा!'
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, 'शारदीय नवरात्रि पर्व के शुभारंभ के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मां दुर्गा आप सबके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें ऐसी मेरी कामना है।'
वहीं वित्त मंत्री अरुण जेटली ने ट्वीट किया, आप सभी को शारदीय नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं।'
केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'नवरात्र के पावन पर्व पर मैंने निश्चय किया है कि मेरे संसदीय क्षेत्र चांदनी चौक के हर विद्यालय, कॉलेज, संस्था, सरकारी या प्राइवेट, में बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ की शपथ ली जाएगी। हर महिला मां दुर्गा का स्वरूप है। नवरात्रों में महिलाओं के प्रति यही सच्ची मातृ पूजा होगी।'
बता दें कि शरद ऋतु के आश्विन माह में आने के कारण इन्हें शारदीय नवरात्रि का नाम दिया गया है। नवरात्रि में मां भगवती के सभी 9 रूपों की पूजा अलग-अलग दिन की जाती है। इस साल शरद नवरात्रि का शुभारंभ चित्रा नक्षत्र में मां जगदम्बे के नाव पर आगमन से शुरू हो रहा है।