लीबिया में सात भारतीयों का अपहरण, रिहाई कराने के प्रयास में जुटा विदेश मंत्रालय
लीबिया में पिछले महीने सात भारतीयों का अपहरण कर लिया गया था और भारत उनकी रिहाई के लिए लीबियाई अधिकारियों के संपर्क में है। अपहृत भारतीयों में आंध्र प्रदेश बिहार गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल हैं। अपहृत भारतीय वहां तेल कंपनी में काम करते थे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। लीबिया में सात भारतीयों का अपहरण कर लिया गया है। उनको मुक्त कराने के प्रयास जारी हैं। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को दी। मंत्रालय ने कहा कि लीबिया में पिछले महीने सात भारतीयों का अपहरण कर लिया गया था और भारत उनकी रिहाई के लिए लीबियाई अधिकारियों के संपर्क में है। अपहृत भारतीयों में आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल हैं। अपहृत भारतीय वहां तेल कंपनी में काम करते थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि इन भारतीयों का अपहरण 14 सितंबर को अस्सहवेरिफ इलाके से उस समय कर लिया गया जब वे भारत के लिए उड़ान पकड़ने त्रिपोली हवाई अड्डे जा रहे थे। उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ताओं ने नियोक्ता से संपर्क किया है और उनके फोटो दिखाए हैं कि वे सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन लोगों के परिवार के संपर्क में है और आश्वासन देना चाहेगी कि लीबियाई अधिकारियों तथा नियोक्ता के साथ वार्ता और समन्वय कर हम अपने नागरिकों को जल्द से जल्द मुक्त कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
बता दें कि हिंसाग्रस्त लीबिया न जाने के लिए सरकार की ओर से सितंबर 2015 में एक एडवाइजरी जारी की गई थी। मई 2016 में सरकार ने लीबिया जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। यह यात्रा प्रतिबंध अभी भी जारी है।
बदमाशों ने देवरिया व कुशीनगर के दो युवकों का किया अपहरण
लीबिया में यूपी के देवरिया व कुशीनगर के दो युवकों का बदमाशों द्वारा अपहरण कर लेने का मामला सामने आया है। इसकी सूचना मिलने के बाद परिवार के लोगों ने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उधर अपर जिलाधिकारी प्रशासन राकेश पटेल ने दूतावास को इसकी रिपोर्ट भेजी है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम सहोदरपट्टी निवासी महेंद्र सिंह पुत्र रामजी सिंह एक साल पहले काम करने के लिए लीबिया गए, 13 सितंबर को उन्होंने परिवार के सदस्यों से बात की और कहा कि वह गांव आ रहे हैं।