देश के कई राज्यों में कोरोना की दूसरी लहर, कुछ राज्यों में कोरोना महामारी की रफ्तार हुई तेज
देश के कई राज्यों में कोरोना की दूसरी लहर देखने को मिल रही है। कुछ राज्यों में महामारी की रफ्तार तेज हुई लेकिन बड़ी संख्या में लोग ठीक भी हो रहे हैं। अब तक 91 लाख से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
जेएनएन, नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में कोरोना की दूसरी लहर देखने को मिल रही है। कुछ राज्यों में महामारी की रफ्तार तेज हुई है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग ठीक भी हो रहे हैं। देशभर में अब तक 91 लाख से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से करीब 86 लाख मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। इस महामारी ने एक लाख 33 हजार से अधिक मरीजों की जान भी ले ली है।
24 घंटों के दौरान 39,373 कोरोना के नए मामले मिले
पीटीआइ की तरफ से सोमवार रात 9.30 बजे जारी टैली के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 39,373 नए मामले मिले हैं, 41,269 मरीज ठीक हुए हैं और 398 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल मामले 91.70 लाख और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 85.95 लाख हो गई है, जबकि 1,33,968 मरीजों की अब तक जान भी जा चुकी है। 398 मौतों में महाराष्ट्र में 30, कर्नाटक में 24, उत्तर प्रदेश में 23, केरल में 22 और गुजरात में 17 मौतें शामिल हैं।
महामारी को मात दे चुके मरीजों का आंकड़ा 85.62 लाख पर पहुंच गया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 91.39 लाख हो गई है। महामारी को मात दे चुके मरीजों का आंकड़ा 85.62 लाख पर पहुंच गया और अब तक 1,33,738 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 93.68 फीसद और मृत्युदर घटकर 1.46 फीसद पर आ गई है। सक्रिय मामले 4,43,486 रह गए हैं, जो कुल मामलों का 4.85 फीसद है। सक्रिय मामलों और ठीक हो चुके मरीजों के बीच दायरा बढ़कर 81.19 लाख पर पहुंच गया है।
रविवार को 8.49 लाख कोरोना टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में अब तक कुल 13.25 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इसमें रविवार को जांचे गए 8.49 लाख नमूनें भी शामिल हैं।
केरल-महाराष्ट्र में पांच हजार से कम नए केस
महाराष्ट्र और केरल में कई दिनों के बाद पांच हजार से कम नए केस मिले हैं। महाराष्ट्र में 4,153 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 17.84 लाख और केरल में 3,757 नए केस के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5.66 लाख पर पहुंच गया है। कर्नाटक में 1,509 और आंध्र प्रदेश में 545 नए केस मिले हैं। इन राज्यों में कुल संक्रमित क्रमश: 8.74 लाख और 8.42 लाख हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश-गुजरात में बढ़े नए केस
उत्तर प्रदेश और गुजरात में भी लगातार मामले बढ़ रहे हैं। बीते चौबीस घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में 2,067 और गुजरात में 1,487 नए मामले मिले हैं। इन दोनों राज्यों में कुल मामले क्रमश: 5.28 लाख और 1.98 लाख हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक 7,582 और गुजरात में 3,876 मरीजों की इस महामारी के चलते जान भी जा चुकी है।