काला हिरण ही नहीं, इन विवादों से भी रहा है सलमान खान का गहरा नाता
बहुचर्चित काले हिरण शिकार मामले में जोधपुर की कोर्ट ने सुपरस्टार सलमान खान को दोषी करार दिया गया है।
जोधपुर (जेएनएन)। बहुचर्चित काले हिरण शिकार मामले में जोधपुर की कोर्ट ने सुपरस्टार सलमान खान को दोषी करार दिया गया है। 1998 में फिल्म "हम साथ-साथ हैं" की शूटिंग के दौरान यह मामला सामने आया था, इससे पहले तीन मामलों में सलमान खान को बरी किया जा चुका है। हालांकि, मामला हाईकोर्ट में भी है। इसी मामले से जुड़े अन्य फिल्मी सितारों को बरी कर दिया गया है।
इस मामले में सलमान खान के साथ ही सैफ अली खान, तबू और नीलम जैसे सितारे भी आरोपी थे। सलमान इंडस्ट्री के उन एक्टर्स में से एक रहे हैं जो अक्सर विवादों से घिरे रहते हैं। बेसहारा लोगों के लिए बीईंग ह्यूमन जैसे एनजीओ खोलने के बावजूद सलमान को 'बैड बॉय' का टैग दे दिया गया। सलमान अब तक जिन विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं, वो इस तरह हैं...
हिट एंड रन मामला
28 सितंबर 2002 की रात को सलमान खान ने कथित तौर पर बांद्रा में अमेरिकन एक्सप्रेस बेकरी के बाहर फुटपाथ पर सो रहे लोगों पर अपनी लैंड क्रूजर कार चढ़ा दी थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग घायल हो गए थे। बताया जाता है कि सलमान उस वक्त नशे में थे और हादसे के बाद वहां से भाग निकले थे। हादसे के वक्त उनके साथ मौजूद उनके बॉडीगार्ड रविंद्र पाटिल ने कहा था, 'मैं ड्राइव नहीं कर सकता, गाड़ी सलमान चला रहे थे।' सलमान के वकील का कहना है कि सलमान न ही गाड़ी चला रहे थे और न ही नशे में थे। 2007 में रविंद्र की मौत हो गई थी।
ऐश्वर्या को सेट पर धक्का देना
फिल्म कुछ न कहो के सेट पर सलमान नशे में धुत होकर पहुंचे थे और ऐश्वर्या से काफी झगड़ा किया। जब सलमान ने ऐश्वर्या को धक्का दिया था, तब जाकर यूनिट के लोगों ने बीच-बचाव किया।
विवेक ओबरॉय से झगड़ा
2003 में बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबरॉय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया था कि वो ऐश्वर्या राय को डेट कर रहे हैं इसलिए सलमान ने उनके (विवेक) साथ गाली-गलौच की थी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
कट्रीना कैफ पर शैंपू फेंका था!
2009 में खबर आई थी कि सलमान ने अपनी गर्लफ्रेंड कट्रीना से झगड़ा होने के बाद उनके शैंपू की बोतल और बाकी सामान घर से बाहर फेंक दिया था।
शाहरुख के साथ अनबन
2008 में कट्रीना की बर्थडे पार्टी में सलमान और शाहरुख का झगड़ा हो गया था। इसके बाद दोनों ने सालों तक एक-दूसरे से बात नहीं की। हालांकि कुछ वक्त पहले दोनों बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में एक-दूसरे के गले लगते दिखे थे। पिछले साल सलमान की बहन अर्पिता की शादी में दोनों और करीब आ गए।
जब सलमान ने फैंस और बॉडीगार्ड को जड़े थे तमाचे
सलमान का गुस्सा हर वक्त उनकी नाक पर रहता है। वो कई बार फैंस के साथ बदसलूकी कर चुके हैं और कई बात फैंस को थप्पड़ भी जड़ चुके हैं। एक बार उन्होंने अपने बॉडीगार्ड को इसलिए थप्पड़ मार दिया था क्योंकि गार्ड ने एक फैंस के साथ बदसलूकी कर दी थी। इतना ही नहीं सलमान कई बार मीडिया पर भी भड़क चुके हैं।
मछुआरे को धमकी देने का मामला
सलमान उस वक्त विवादों में आ गए थे जब मुंबई में एक मछुआरे के परिवार ने सलमान पर उन्हें धमकी देने का आरोप लगाया था। मछुआरे को आरोप था कि सलमान और उनके बॉडीगार्ड ने उन्हें अपनी नाव और मछली पकड़ने वाले जाल को समुद्र किनारे से हटाने के लिए कहा था, क्योंकि सलमान के बांद्रा वाले घर से समुद्र का नजारा देखने में एक्टर को खलल पड़ती थी।
कार्यकर्ता के साथ बदसलूकी करने पर एफआईआर
अप्रैल 2015 में अखिल भारतीय भ्रष्टाचार निर्मूलन समिति के सदस्य ने सलमान और उनके बॉडीगार्ड पर उनके साथ हाथापाई करने और गाली-गलौच करने का मामला दर्ज कराया था। आरोप था कि पिछले साल नवंबर में एक फ्लाइट में सलमान ने अपने बॉडीगार्ड से उनके दस्तावेज छीनने के लिए कहा था। इस मामले में मुंबई कोर्ट ने एयरपोर्ट पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था।