राजस्थान के एक साध्वी पर लगा समलैंगिकता का आरोप, आश्रम से हुई फरार
मामले को दबाने के लिए आश्रम में रहने वाली मासूम बच्चियों को बीच पढ़ाई ही वापस लौटा दिया गया।
जयपुर, राज्य ब्यूरो। राजस्थान की राजधानी जयपुर के जामडोली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, इस इलाके में आश्रम चलाने वाली एक साध्वी पर एक महिला के साथ जबरन संबंध बनाने का आरोप लगा है। आरोप लगाने वाली युवती पिछले ढाई माह से उसके आश्रम में रह रही थी। पीड़ित महिला ने पुलिस के पास 29 सितंबर को शिकायत दर्ज करा दी थी। वहीं केस दर्ज होने के बाद आरोपी साध्वी आश्रम से फरार बताई जा रही है।
कहा जा रहा है कि मामले को दबाने के लिए आश्रम में रहने वाली मासूम बच्चियों को बीच पढ़ाई ही वापस लौटा दिया गया। पीड़िता ने बताया कि जब उसके साथ साध्वी ने समलैंगिक होने का प्रयास किया तो उसने आश्रम में किशोरी बालिकाओं को जानकारी दी। अन्य बच्चियों ने भी उसकी बात की पुष्टि की है। पीड़िता की जानकारी पर थाना और चाइल्ड हेल्पलाइन ने आश्रम में छापा मारा तो वहां पर त्रिपुरा से लाई गई 6 से 16 साल तक की 16 बच्चियों को रेस्क्यू किया गया।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिखवाल ने बताया कि 10 दिन पहले शिशु गृह में दूसरे राज्यों के बच्चों को लाया गया था। आश्रम संचालक पर कुछ आरोप थे, जिसके संदर्भ में बच्चों की काउंसलिंग करवाई गई। फिलहाल उन्हें रोकने जैसा मामला नजर नहीं आ रहा। मंगलवार शाम परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया। इस मामले में कानोता पुलिस का कहना है कि साध्वी के खिलाफ दर्ज मामले में पीड़िता के बयान हो गए हैं। दूसरे राज्यों की मिली बच्चियों के बारे में नोटिस जारी कर दिए गए हैं। आगे कार्रवाई की जा रही है।