कर्नाटक उपचुनाव में ग्रामीण मतदाताओं ने की सबसे ज्यादा वोटिंग
कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो गए हैं। उपचुनाव के नतीजे 09 दिसंबर को आएंगे।
बेंगलुरु, आइएएनएस। कर्नाटक विधानसभा क ी 15 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में गुरुवार शाम छह बजे तक लगभग 62.18 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन सीटों का परिणाम राज्य का राजनीतिक भविष्य तय करने वाला साबित होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने पूरे उत्साह से भाग लिया। आठ ग्रामीण क्षेत्रों में 75 फीसद से ज्यादा ओर बेंगलुरु के चार क्षेत्रों में 50 फीसद से कम मतदान हुआ। सबसे ज्यादा मतदान ग्रामीण क्षेत्र चिक्कबल्लापुर में हुआ जहां 86.40 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बेंगलुरु के पूर्वी उपनगर केआर पुरा में सबसे कम 37.50 फीसद मतदान हुआ।
उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर में 77.52 फीसद मतदान होने की जानकारी मिली है। बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोट में 76.19 फीसद मतदान होने की जानकारी दी गई है। इसी सीट से भाजपा प्रत्याशी एमटीबी नागराज ने 1,223 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। बेलगावी जिले में अथानी क्षेत्र में 75.23 फीसद मतदान होने की सूचना है।
कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो गए हैं। उपचुनाव के नतीजे 09 दिसंबर को आएंगे। इन नतीजों से कर्नाटक के मौजूदा मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की अगुवाई वाली भाजपा सरकार की किस्मत का फैसला होना है। कर्नाटक की 225 सदस्यीय विधानसभा (स्पीकर सहित) में भाजपा को सत्ता में बने रहने के लिए कम से कम छह सीटों की दरकार है। आज जिन 15 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं उनमें 12 पर कांग्रेस और तीन पर जेडीएस का कब्जा था। मौजूदा वक्त में भाजपा के पास 105 (एक निर्दलीय) विधायक, कांग्रेस के पास 66 और जेडीएस के पास 34 एमएलए हैं। इनके अलावा बसपा का एक और एक मनोनीत विधायक के साथ अध्यक्ष भी शामिल हैं।