भारत को आर्थिक विकास का अपना मॉडल विकसित करना चाहिए: आरएसएस
आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी बजरंगलाल गुप्ता ने आर्थिक विकास के भारतीय मॉडल सुमंगलम का सुझाव दिया जिसमें रोजगार आधारित विकास पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विकास के मूल्यांकन के लिए जीडीपी सबसे महत्वपूर्ण मानक नहीं हो सकता।
नई दिल्ली, प्रेट्र। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी बजरंगलाल गुप्ता ने शनिवार को कहा कि भारत को विकास का अपना मॉडल विकसित करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने रोजगार आधारित विकास पर ध्यान देने का सुझाव दिया। गुप्ता ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) भारत जैसे देश में विकास की सही तस्वीर नहीं प्रस्तुत करता है। विकास के मूल्यांकन के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण मानक नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि जीडीपी एक निश्चित अवधि के दौरान किसी देश में वस्तुओं और सेवाओं के उत्पादन के माध्यम से निíमत मूल्य का माप है। भारतीय संदर्भ में यह गलत है, क्योंकि यह उन सेवाओं को शामिल नहीं करता, जिनके बदले शुल्क नहीं लिया जाता।
आइआइएलएम विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने आर्थिक विकास के भारतीय मॉडल सुमंगलम का सुझाव दिया, जिसमें रोजगार आधारित विकास पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी पांच विशेषताओं में सभी नागरिकों के लिए बुनियादी जरूरतें पूरी करना, सभी के लिए रोजगार, शिक्षा के समान अवसर, स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना और सभी नागरिकों की आंतरिक तथा बाह्य सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।