इसरो ने RISAT-2B का किया सफल प्रक्षेपण; वन विज्ञान, आंतरिक सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में मिलेगी मदद
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने रिसैट-2बी का सफल प्रक्षेपण कर दिया। पीएसएलवी- सी 46 ने रिसैट-2 बी को लगभग 555 किलोमीटर वाली कक्षा में स्थापित कर दिया।
चेन्नई, एएनआइ। भारतीय अंतरिक्ष अनुंसधान संगठन (ISRO) ने एक और मिशन पर जीत हाशिल कर ली। राडार इमेजिंग अर्थ ऑब्जर्वेशन सेटेलाइट (रिसैट-2बी) के साथ प्रक्षेपित होने जा रहे भारत के पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (पीएसएलवी) को लॉन्च कर दिया गया। इसरो के एक अधिकारी ने बताया कि रिसैट-2बी का प्रक्षेपण पीएसलवी-सी 46 से किया गया है। पीएसलवी-सी 46 श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 5:30 बजे प्रक्षेपित किया गया।
प्रक्षेपण के दौरान रॉकेट अपने साथ 615 किलोग्राम रिसैट-2 बी को ले गया है। रीसैट-2 के लगभाग सात साल बाद रीसैट-2बी को प्रक्षेपित किया गया है। प्रक्षेपण के 15 मिनट बाद रॉकेट रिसैट-2 बी को लगभग 555 किलोमीटर दूर वाली कक्षा में स्थापित कर दिया।
इसरो के अनुसार रिसैट-2 बी का उपयोग कृषि क्षेत्र, वन विज्ञान और आपदा प्रबंधन में किया जाएगा। इसके साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा एवं आपदा राहत कार्य में लगे लोगों सुरक्षाबलों को रिसैट-2 बी से काफी मदद मिलेगी।
बता दें कि इसरो भविष्य में रिसैट जैसे छह और नए उपग्रह प्रक्षेपित करने की योजना बना रहा है। इनमें रिसैट -2 बी के बाद रिसैट-1ए, रिसैट 2ए, रिसैट-2बीआर1, रिसैट-2बीआर2, और रिसैट-1बी प्रमुख उपग्रह हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप