Move to Jagran APP

देश में रिकॉर्ड 90 हजार कोरोना के नए मामले; यूपी, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में बेतहाशा वृद्धि

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड संख्या में नए मामले मिले हैं। राज्य में एक दिन में पहली बार 6692 नए संक्रमित पाए गए हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sat, 05 Sep 2020 10:23 PM (IST)Updated: Sat, 05 Sep 2020 10:23 PM (IST)
देश में रिकॉर्ड 90 हजार कोरोना के नए मामले; यूपी, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में बेतहाशा वृद्धि
देश में रिकॉर्ड 90 हजार कोरोना के नए मामले; यूपी, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में बेतहाशा वृद्धि

जेएनएन, नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की तस्वीर डरावनी होती जा रही है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को देशभर में करीब 90 हजार नए मामले सामने आए, जिसमें अकेले महाराष्ट्र में ही 20 हजार से ज्यादा नए केस शामिल हैं। संक्रमितों का आंकड़ा 41 लाख को पार कर गया। शुक्रवार को ही मरीजों की संख्या 40 लाख से अधिक हुई थी। मात्र 13 दिन के भीतर मरीजों का आंकड़ा 30 लाख से 40 लाख पर पहुंचा था। हालांकि, अच्छी बात यह भी है कि रोज रिकॉर्ड संख्या में मरीज ठीक भी हो रहे हैं।

loksabha election banner

कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 41 लाख 831 पहुंचा 

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से समाचार एजेंसियों और अन्य श्रोतों से रात नौ बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक शुक्रवार देर रात से अब तक 89,954 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 41 लाख 831 हो गया है। इस दौरान 71,189 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी भी मिली है और अब तक स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी 31 लाख 78 हजार 110 हो गई है। सक्रिय मरीज आठ लाख 52 हजार 125 रह गए हैं। अब तक 70,596 लोगों की जान भी जा चुकी है। शनिवार के 1,050 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 312, कर्नाटक में 118, उत्तर प्रदेश में 81, तमिलनाडु में 61, बंगाल में 58, पुडुचेरी में 18, गुजरात में 16, जम्मू-कश्मीर में 15 और केरल में 11 मौतें शामिल हैं।

महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 20,801 नए केस

महाराष्ट्र में लगातार नए मामले बढ़ रहे हैं। राज्य में रिकॉर्ड 20,801 नए केस सामने आए हैं। संक्रमितों की कुल संख्या आठ लाख 83 हजार 862 हो गई है। राज्य में अब तक 26,276 मरीजों की जान भी जा चुकी है। गुजरात में 1,311 नए मामले सामने आए हैं और कुल मरीज एक लाख तीन हजार से अधिक हो गए हैं। राज्य में अब तक 3,094 लोगों की जान भी जा चुकी है।

दक्षिण भारत में बढ़ता प्रकोप

दक्षिण भारत में कोरोना का कहर कम नहीं हो रहा है। कर्नाटक में 9,746 नए केस के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 3.90 लाख, तेलंगाना में 2,511 नए केस के साथ 1.38 लाख, तमिलनाडु में 5,870 नए केस के साथ 4.57 लाख, केरल में रिकॉर्ड 2,655 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या करीब 85 हजार पर पहुंच गई है।

उत्तर प्रदेश में टूटे सारे रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड संख्या में नए मामले मिले हैं। राज्य में एक दिन में पहली बार 6,692 नए संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले 30 अगस्त को 62 सौ नए केस मिले थे। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख 60 हजार के करीब पहुंच गया है, जबकि 3,843 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है। बंगाल में 3,042 नए मामलों के साथ 1.77 लाख, ओडिशा में 3,543 नए केस के साथ 1.20 लाख और त्रिपुरा में रिकॉर्ड 691 नए मामलों के साथ अब तक कुल 14,527 संक्रमित सामने आ चुके हैं। राजस्थान में 718 नए केस के साथ 88,515 और जम्मू-कश्मीर में 1,251 नए मामलों के साथ अब तक 42,241 संक्रमित पाए जा चुके हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.