Move to Jagran APP

रिकॉर्ड 23000 पीड़ितों ने दी कोरोना को मात, दिल्ली में थम रही रफ्तार, दक्षिण भारत में बेकाबू हुआ कोरोना

राजधानी दिल्ली में लक्षित उपायों से कोरोना काबू में आता नजर आ रहा है। अगर पिछले दिनों की तुलना करें तो नए मामलों में बहुत कमी आई है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Fri, 17 Jul 2020 10:16 PM (IST)Updated: Fri, 17 Jul 2020 10:16 PM (IST)
रिकॉर्ड 23000 पीड़ितों ने दी कोरोना को मात, दिल्ली में थम रही रफ्तार, दक्षिण भारत में बेकाबू हुआ कोरोना

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना से जारी जंग के बीच मरीजों के ठीक होने की रफ्तार भी तेजी से बढ़ रही है। एक दिन में करीब 23 हजार मरीज ठीक हुए हैं और स्वस्थ होने की दर बढ़कर 63.33 फीसद पर पहुंच गई है। अब तक सामने आए कुल 10 लाख से ज्यादा संक्रमित मामलों में करीब एक तिहाई ही सक्रिय केस रह गए हैं। 6.35 लाख से ज्यादा मरीज अब तक स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। 25 हजार से अधिक लोगों की जान जा भी जा चुकी है।

loksabha election banner

कोरोना संक्रमण की चाल लगातार धीमी होती जा रही

राजधानी में कोरोना संक्रमण की चाल लगातार धीमी होती जा रही है। इसके साथ संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी में सुधार जारी है। शुक्रवार को संक्रमण दर 7.14 फीसद रही। वहीं स्वस्थ होने की दर 82.66 फीसद तक पहुंच गई है। मृत्यु दर भी 2.97 फीसद पर आ गई है।

कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा दस लाख के पार, 25 हजार से ज्यादा मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान 22,942 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है और अब तक स्वस्थ होकर घर लौटे मरीजों की संख्या 6,35,756 हो गई है। हालांकि, इस दौरान 34,956 नए मामले सामने आए हैं और 687 लोगों की मौत हुई है। इनको मिलाकर अब तक 10,03,832 संक्रमित पाए जा चुके हैं और 25,602 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन सक्रिय मामले सिर्फ 3,42,473 ही रह गए हैं, जो कुल मामलों की तुलना में करीब एक तिहाई है।

 27,160 नए मामले मिले

वहीं राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य स्त्रोतों से रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार देर रात से अब तक 27,160 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 10,27,362 हो गई है। 6,40,209 मरीज अभी तक ठीक हुए हैं और सक्रिय मरीज 3,60,994 रह गए हैं। अब तक 26,159 लोगों की जान भी इस महामारी के चलते जा चुकी है। शुक्रवार को 606 लोगों की जान गई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 258, कर्नाटक में रिकॉर्ड 115, तमिलनाडु में 79, आंध्र प्रदेश में 42, उत्तर प्रदेश में 38, दिल्ली व बंगाल में 26-26, मध्य प्रदेश में नौ, हरियाणा में पांच, पुडुचेरी में तीन और उत्तराखंड में एक मौत शामिल है। उत्तराखंड में महिला मरीज की मौत 13 जुलाई को ही हो गई थी, मौत की वजह कोरोना की पुष्टि शुक्रवार को हुई।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को आंकड़े मिलने में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में एक दिन से कम मिले मामले

महाराष्ट्र में 8,308 नए मामले सामने आए हैं, जो गुरुवार को मिले 8,641 से कम हैं। हालांकि, राज्य में तीसरे दिन आठ हजार से नए केस सामने आए हैं। इससे पहले 11 जुलाई को 8,139 नए मामले सामने आए थे। राज्य में अब तक 2,92,589 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 1.60 लाख से अधिक मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं और 1.20 लाख से कुछ ही अधिक सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक 11,452 लोगों की जान जा चुकी है। 14.84 लाख से अधिक लोगों की जांच की गई है। पुडुचेरी में भी 91 नए केस मिले हैं और अब तक सामने आए संक्रमितों की संख्या 1,832 हो गई है।

दिल्ली में थम रही रफ्तार

राजधानी दिल्ली में लक्षित उपायों से कोरोना काबू में आता नजर आ रहा है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में 1462 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 1,20,107 पर पहुंच गया। अगर पिछले दिनों की तुलना करें तो नए मामलों में बहुत कमी आई है। अब तक 3,571 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। 25 नए मरीजों के साथ चंडीगढ़ में 660 मामले मिल चुके हैं। हरियाणा में 795 नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या 24,797 हो गई है।

दक्षिण भारत में बेकाबू हुआ कोरोना

तमिलनाडु के बाद दक्षिण भारत के दूसरे राज्यों में भी कोरोना से स्थिति बेकाबू होते जा रही है। तमिलनाडु में जहां 4,538 नए मामले सामने आए हैं, वहीं कर्नाटक में 3,693, आंध्र प्रदेश में 2,062 और केरल में 791 मामले मिले हैं। तमिलनाडु में अब तक 1,60,907, कर्नाटक में 55,115, आंध्र प्रदेश में 40,646 और केरल में 11,066 मामले सामने आ चुके हैं। केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने राजधानी तिरुअनंतपुरम के दो तटवर्ती इलाकों में सामुदायिक संक्रमण की बात कही है।

उत्तर प्रदेश में भयावह होती स्थिति

उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत और बंगाल में भी कोरोना से स्थिति खराब हो रही है। उत्तर प्रदेश में 1,919 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 45,363 हो गई है और 1,084 लोगों की जान भी जा चुकी है। बंगाल में 1894 नए मामलों के साथ अब तक 38,011, ओडिशा में 718 नए केस के साथ 16,110 और मध्य प्रदेश में 704 नए मामलों के साथ 21,082 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इन राज्यों में इस महामारी से अब तक क्रमश: 1,049, 83 और 698 लोगों की मौत भी हो चुकी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.