राहुल बताएं सत्ता में रहते क्यों नहीं सुधार पाए अर्थव्यवस्था : रविशंकर
संप्रग सरकार के मुखिया अर्थशास्त्री थे, लेकिन 10 साल में देश को बदहाल कर दिया।
गांधीनगर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ पार्टी नेता यशवंत सिन्हा दोनों को आड़े हाथ लिया। राहुल से उन्होंने पूछा कि 10 साल सत्ता में रहते आर्थिक दशा क्यों नहीं सुधार सके। वहीं, सिन्हा को सनकी बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने सब कुछ दिया, उसकी बुराई करते हुए उन्हें शर्म भी नहीं आती।
गुजरात भाजपा कार्यालय श्रीकमलम में पत्रकारों से बातचीत में रविशंकर ने कहा कि राहुल गांधी अब देश की अर्थव्यवस्था सुधारने का दावा कर रहे हैं, लेकिन जब 10 साल तक सत्ता में थे तब क्या हुआ, 2जी, 3जी, कॉमनवेल्थ व कोयला घोटाला। संप्रग सरकार के मुखिया अर्थशास्त्री थे, लेकिन 10 साल में देश को बदहाल कर दिया। मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल में कोई दाग नहीं है, देश-दुनिया में सरकार व देश की प्रशंसा हो रही है।
रोजगार को लेकर उठ रहे सवालों पर रविशंकर ने कहा कि स्टार्टअप योजना के तहत सरकार नौ करोड़ लोगों को चार लाख करोड़ रुपये का लोन देगी। अब तक ढाई करोड़ लोगों को इसका लाभ मिल भी चुका है। गुजरात में इन्फोसिटी, गिफ्ट सिटी आज बिजनेस हब बन चुके हैं। गिफ्ट में इन्फोसिस, टीसीएस और विप्रो सहित कई कंपनियां काम कर रही हैं। टीसीएस ने दो लाख युवाओं को रोजगार दिया है।
वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा के बयानों पर उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें सब कुछ दिया; राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के पद को छोड़कर वित्त मंत्री, विदेश मंत्री, बिहार अध्यक्ष, नेता विपक्ष, राज्यसभा सदस्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया आज वह उसी की बुराई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रधानमंत्री की दुनिया में वाहवाही हो रही हो उसके कामों पर सवाल उठाना निंदनीय है।
यह भी पढ़ें: राहुल के गढ़ अमेठी में दस को गरजेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह