Weather Forecast: पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ बदला मौसम का मिजाज, कई स्थानों पर बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। साथ ही सोमवार के अधिकतम तापमान (30.2 डिग्री) के मुकाबले 1.1 डिग्री भी अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज हुआ।
भोपाल, जेएनएन। पाकिस्तान के पास बने ट्रफ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ही बरसात भी हो रही है। उधर राजस्थान पर एक चक्रवात और विदर्भ के पास प्रति चक्रवात बनने के कारण हवाओं का रख बार-बार बदल रहा है। इससे मध्य प्रदेश में दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 12-13 दिसंबर को राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बरसात की संभावना बन रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। साथ ही सोमवार के अधिकतम तापमान (30.2 डिग्री) के मुकाबले 1.1 डिग्री भी अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज हुआ।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इस सिस्टम को अरब सागर से काफी नमी मिल रही है। इससे उत्तर भारत के पहाड़ों पर बरसात जारी है। वहां बर्फबारी भी होगी।
दो सिस्टम सक्रिय, बदल रहा हवा का रुख
शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त विदर्भ पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन दो सिस्टम के कारण हवा का रख बार-बार बदल रहा है। इससे दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है।
छाएंगे बादल 11 दिसंबर को
एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बनने के संकेत मिल रहे हैं। इससे मध्य प्रदेश में 11 दिसंबर से बादल छाने लगेंगे। 12-13 दिसंबर को राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश होने के भी आसार हैं। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर में दिन के दौरान आसमान साफ और तेज धूप बनी रहती है। वहीं, सुबह और शाम में ठंड बढ़ जाती है।