राहुल का कांग्रेस अध्यक्ष बनना पार्टी में जोश भरेगा : खुर्शीद
खुर्शीद के मुताबिक, परिवर्तन से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा और इससे युवा नेता (राहुल) को अपने तरीके से चीजों को स्वरूप देने का अवसर मिलेगा।
हैदराबाद, प्रेट्र : राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पार्टी में जोश भरेगा। इस बदलाव के बाद भी सोनिया गांधी देश की राजनीति में प्रमुख भूमिका निभाएंगी। यह कहना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद का।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की पार्टी में पदोन्नति को लेकर चल रही चर्चा के बीच खुर्शीद ने कहा कि परिवर्तन पार्टी के लिए मनोवैज्ञानिक तौर पर महत्वपूर्ण है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने विशेष बातचीत में कहा कि यह कई मायने में संगठनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण है। किसी भी देश में किसी संगठन में नेतृत्व परिवर्तन नई उम्मीद जगाता है।
खुर्शीद के मुताबिक, परिवर्तन से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा और इससे युवा नेता (राहुल) को अपने तरीके से चीजों को स्वरूप देने का अवसर मिलेगा। राहुल की काम करने की अपनी शैली है और उनके पास कई तरह की नई योजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि राजनीति में सोनिया गांधी की प्रमुख भूमिका बनी रहेगी लेकिन यह किस रूप में होगी, इसका फैसला उन्हें (सोनिया को) ही करना है।
यह भी पढ़ेंः मुस्लिम महिलाओं की तस्करी मुद्दे पर केंद्र से संपर्क करेगा आयोग