Pune Wall Collapse: पुणे पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार, आठ लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR
Pune Wall Collapse पुणे पुलिस ने दीवार गिरने की घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुणे, एएनआइ। महाराष्ट्र के पुणे में इमारत की दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई है। पुणे पुलिस ने दीवार गिरने की घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कंधवा पुलिस स्टेशन में कंस्ट्रक्शन बिल्डर्स, साइट इंजिनियर, कंस्ट्रक्शन सुपरवाइजर सहित 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने दीवार गिरने की घटना पर दुख जताया और जांच के आदेश दिए थे। इसके साथ ही फडणवीस ने मरने वाले लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजे की भी घोषणा की है। महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल और NCP नेता सुप्रिया सुले ने शनिवार को घटना स्थल का दौरा किया था।
हादसे की वजह भारी बारिश बताई जा रही है। इधर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कटिहार के 15 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
फडणवीस ने ट्वीट कर कहा, 'पुणे के कोंढवा में दीवार ढहने की घटना में लोगों की जान जाने की खबर सुन कर दुखी हूं। मृतकों के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पुणे के कलेक्टर को मामले की गहन जांच करने का आदेश दिया गया है।' वहीं, पुणे की मेयर मुक्ता तिलक का कहना है कि इमारत का निर्माण कार्य रोकने का आदेश जारी कर दिया गया है, ताकि उस स्थान पर कोई भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सके। वहीं पुलिस कमिश्नर के वेंकटेशम के अनुसार इस हादसे की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर नवल किशोर राम ने बताया कि हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई। इस टीम एक पुलिस ऑफिसर और दो नगर निगम के अधिकारी शामिल हैं। ये टीम अगले 24 घंटे में जांच रिपोर्ट पेश करेगी।
पुणे में दीवार ढहने की दर्दनाक घटना पर डीएम ने कहा कि तेज बारिश की वजह से यह हादसा हुआ है। इसके साथ ही कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही की भी बात सामने आ रही है। मृतकों में ज्यादातर बिहार और बंगाल से आए मजदूर थे। इनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। जांच शुरू कर दी गई है।
बता दें कि यहां एक आवासीय सोसायटी में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके बगल में ही मजदूरों के रहने के लिए कच्चे घर बने हुए थे। पार्किंग से लगा हुआ इमारत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ।
राहत और बचाव कार्य में लगे कर्मचारियों ने बताया कि सोसायटी की दीवार, मजदूरों की बस्ती पर गिर गई। कई कारें भी कच्चे मकानों पर जा गिरीं। अभी तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद से ही आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य अभी जारी है।
चेंबूर में ऑटोरिक्शा पर गिरी दीवार
मुंबई के चेंबूर में भी एक दीवार भारी बारिश के कारण ढह गई। इस दीवार की चपेट में एक ऑटोरिक्शा आ गया। ये हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। गनीमत ये रही कि उस समय ऑटो में कोई नहीं था, इसलिए इस हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ऑटोरिक्शा से मलबे को हटाया।
बता दें कि मुंबई में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश अगले चार दिनों तक जारी रहेगी। दादर, वडाला, वर्ली, कुर्ला, चेंबूर, बांद्रा, अंधेरी, कांदिवली, विक्रोली, कंजुरमार्ग और भांडुप जैसे इलाकों में जलभराव की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है।