राष्ट्रपति आज 43 जानी-मानी हस्तियों को पद्म पुरस्कार से करेंगे सम्मानित
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज 41 जानीमानी हस्तियों को 2018 के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज जानेमाने संगीतकार इलैयाराजा, हिंदुत्व विचारक परमेश्वरन परमेश्वरन और 41 अन्य जानीमानी हस्तियों को 2018 के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार रात पद्म पुरस्कार से सम्मानित 43 हस्तियों को भोज दिया। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में ये पुरस्कार दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और कई दूसरे गणमान्य लोग शिरकत करेंगे।
सरकार ने इस साल गरीबों की सेवा करने वालों, नि:शुल्क शिक्षा मुहैया कराने वाले स्कूल संचालित करने वालों और वैश्विक स्तर पर जनजातीय कलाकारों को लोकप्रिय बनाने वाली कई हस्तियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना है।
अधिकारी ने बताया कि इस साल 84 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई थी। इस सूची में तीन पद्म विभूषण, नौ पद्म भूषण और 72 पद्मश्री शामिल थे। हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। पद्म पुरस्कार 2018 के लिए नामित शेष लोगों को दो अप्रैल को आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।