राष्ट्रपति समेत तमाम सियासी हस्तियों ने पंडित जसराज के निधन पर जताया शोक, पढ़ें- क्या बोले
शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन पर भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक जताया है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। शास्त्रीय संगीत के महारथी पंडित जसराज के निधन पर राष्ट्रपति समेत विभिन्न नेताओं ने शोक जताया है। बता दें कि 90 वर्षीय पंडित जसराज का अमेरिका के न्यूजर्सी में आज निधन हो गया। उनकी बेटी दुर्गा जसराज ने इसकी जानकारी दी है।
भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, "संगीत विभूति व अद्वितीय शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन से दुख हुआ। पद्म विभूषण से सम्मानित पंडितजी ने आठ दशकों की अपनी संगीत यात्रा में लोगों को भावपूर्ण प्रस्तुतियों से आनंद विभोर किया। उनके परिवार, मित्रगण व संगीत-पारखी लोगों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं!"
बेमिसाल रचनाओं के माध्यम से दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे पंडित जसराज
राष्ट्रपति के अलावा अन्य कई नेताओं ने भी पंडित जसराज के निधन पर दुख जताया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उनकी जादुई आवाज ने शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया है। मंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, "संगीत मार्तंड पंडित जसराज जी एक अविश्वसनीय कलाकार थे जिन्होंने अपनी जादुई आवाज से भारतीय शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया। उनका निधन व्यक्तिगत क्षति की तरह लगता है। वह अपनी बेमिसाल रचनाओं के माध्यम से हमारे दिलों में हमेशा के लिए जिंदा रहेंगे। उनके परिवार और फलॉअर्स के प्रति संवेदना। शांति"
गायक के निधन से मौन हो गया संगीत का बड़ा स्वर
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पंडित जसराज के निधन से उनको गहरा दुख हुआ है। राजनाथ ने कहा है कि गायक के जाने से संगीत का बड़ा स्वर मौन हो गया है। केंद्रीय मंत्री की तरफ से एक ट्वीट किया गया, जिसमें उन्होंने कहा, "सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। मेवाती घराना से जुड़े पंडितजी का सम्पूर्ण जीवन सुर साधना में बीता। सुरों के संसार को उन्होंने अपनी कला से नए शिखर दिए। उनके जाने से संगीत का बड़ा स्वर मौन हो गया है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।"
संगीत जगत को एक बड़ी क्षति- राहुल गांधी
शास्त्रीय संगीत सम्राट के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "पंडित जसराज जी का निधन संगीत जगत को एक बड़ी क्षति है। वे अपने अमर गायन के माध्यम से सदैव हमारे बीच रहेंगे। उनके परिवार और प्रियजनों को संवेदनाएं। उनकी स्मृति को मेरा नमन।"
केजरीवाल बोले संगीत कला को नए आयाम पर लेकर गए पंडित जसराज
इसके अलावा, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा, "भारतीय शास्त्रीय संगीत के विश्वविख्यात नाम पंडित जसराज जी के निधन की दुखद खबर मिली। शास्त्रीय संगीत कला को पंडित जसराज जी एक नए आयाम पर लेकर गए। ऐसी महान दिवंगत आत्मा को प्रभु अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके अनगिनत चाहने वालों को इस दुख को सहने का साहस दें।"