कर्नाटक में 'गरीब' ब्राह्मण दुल्हनों को मिलेंगे तीन लाख रुपये, रखी ये शर्त
कर्नाटक राज्य ब्राह्मण विकास बोर्ड ने कमजोर वर्ग की दुल्हनों को सहायता प्रदान करने के लिए दो नई योजनाएं- अरुधंति तथा मैत्रेयी लांच की हैं। पुजारियों से शादी करने वाली ब्राह्मण दुल्हनों को अरुधंति योजना के तहत 25 हजार तथा मैत्रेयी के तहत तीन लाख का बांड दिया जाएगा।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक राज्य ब्राह्मण विकास बोर्ड ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की दुल्हनों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए दो नई योजनाएं- अरुधंति तथा मैत्रेयी लांच की हैं। बोर्ड के अनुसार, इन योजनाओं के तहत पुजारियों से शादी करने वाली ब्राह्मण दुल्हनों को अरुधंति योजना के तहत 25 हजार रुपये तथा मैत्रेयी के तहत तीन लाख रुपये का बांड दिया जाएगा।
कर्नाटक ब्राह्मण विकास बोर्ड ने लांच की दो योजनाएं
राज्य की येदियुरप्पा सरकार द्वारा गठित इस बोर्ड के अध्यक्ष व भाजपा नेता एचएस सचिदानंद मूर्ति ने बताया है कि इन दोनों योजनाओं की मंजूरी मिल गई है तथा इनके लिए फंड आवंटित कर दिए गए हैं। हम इनके इस्तेमाल की प्रक्रिया तय करने में जुटे हैं। ये योजनाएं ब्राह्मण समाज के कमजोर वर्ग के लोगों की मदद करने की कोशिश का हिस्सा हैं।उन्होंने बताया कि पैसे तीन किस्तों में जमा कराए जाएंगे तथा यदि शादी चार साल तक बनी रहती है तो चौथे साल में राशि ब्याज सहित दी जाएगी।
इन योजनाओं के आवेदकों को इसका प्रमाण देना होगा कि उनके पास पांच एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि तथा 1,000 वर्ग फीट से बड़ा फ्लैट नहीं है। इसके साथ यह भी कि वे पिछड़ा वर्ग या अनुसूचित जाति के नहीं हैं तथा उनके परिवार की सालाना आय आठ लाख रुपये से अधिक नहीं है।