बिहार चुनाव के लिए सियासी खेल शुरू, भाजपा की नाव पर सवार मांझी
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भाजपा की नाव पर सवार हो गए हैं। गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद यह तय हो गया कि मांझी की पार्टी बिहार चुनाव में राजग का हिस्सा होगी
नई दिल्ली । बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भाजपा की नाव पर सवार हो गए हैं। गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद यह तय हो गया कि मांझी की पार्टी बिहार चुनाव में राजग का हिस्सा होगी। माना जा रहा है कि उन्हें डेढ़ से दो दर्जन सीटें मिल सकती हैं।
यूं तो यह पहले ही तय हो गया था कि मांझी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से भाजपा के साथ होंगे, लेकिन राजद-जदयू गठबंधन के बाद भाजपा चाहती है कि महादलित वोटों का न सिर्फ बंटवारा हो, बल्कि वह भाजपा और राजग के खाते में जुड़े।
मांझी को जिस तरह मुख्यमंत्री पद से हटाया गया था उसके बाद यह संभावना जताई जाने लगी थी कि वह अपनी जाति मुसहर के अलावा महादलित वर्ग की दूसरी जातियों को भी प्रभावित कर सकते हैं। अगर वह तीन से चार फीसद अतिरिक्त वोट भी राजग के खाते में जोड़ने में सफल होते हैं तो बढ़त मिल सकती है। लिहाजा गुरुवार को मांझी के राजग खेमे में आने पर सहमति बन गई। सूत्रों के अनुसार, अभी सीटों की संख्या पर बात नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि उन्हें दो दर्जन तक सीटें दी जा सकती हैं।