कैसे कैसे इनडोर गेम खेल रहे हैं युवा? 'मन की बात' में PM मोदी ने किया जिक्र, सेहत के लिए भी फायदेमंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के जरिए बताया कि लोगों में इनडोर गेम्स को लेकर कितनी उत्सुकता है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के जरिए भारत-चीन के बीच तनातनी, कोरोना संकट और टिड्डी दलों के हमले के साथ साथ पारंपरिक इनडोर खेलों पर भी बात की। न्होंने कार्यक्रम के जरिए बताया कि लोगों में इनडोर गेम्स को लेकर कितनी उत्सुकता है। उन्होंने बताया कि खासतौर से नवयुवक पारंपरिक खेलों के जरिए अपना समय बिता रहे हैं और उन्होंने खुद पीएम मोदी को इसके बारे में बताया है।
पीएम मोदी ने एक पुराने खेल पचीसी का जिक्र करते हुए कहा, "हमारे देश में पारंपरिक खेलों की बहुत समृद्ध विरासत रही है। जैसे, आपने एक खेल का नाम सुना होगा- पचीसी। यह खेल तमिलनाडु में 'पल्लान्गुली' कर्नाटक में 'अलि गुलि मणे' और आंध्र प्रदेश में 'वामन गुंटलू' के नाम से खेला जाता है। ये एक प्रकार का स्ट्रटजी गेम है, जिसमें एक बोर्ड का उपयोग किया जाता है। इसमें कई खांचे होते गैं, जिनमें मौजूदा गोली या बीज को खिलाडियों को पकड़ना होता है। कहा जाता है कि गेम दक्षिण भारत से दक्षिण-पूर्व एशिया और फिर पूरी दुनिया में फैला है।" युवा दोस्तों और स्टार्ट-अप्स से मेरी अपील है कि क्या हम पारंपरिक इनडोर खेलों को लोकप्रिय बना सकते हैं?
सांप-सीढ़ी और गुट्टे जैसे खेलों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने पारंपरिक खेलों के बारे में बात करते हुए सांप-सीढ़ी और गुट्टे जैसे खेलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "आज हर बच्चा सांप-सीढ़ी के खेल के बारे में जानता है। लेकिन, क्या आपको पता है कि यह भी एक भारतीय पारंपरिक गेम का ही रूप है। हमारे यहां का एक और पारंपरिक गेम रहा है- गुट्टा। बड़े भी गुट्टे खेलते हैं और बच्चे भी- बस, एक ही साइज के पांच छोटे पत्थर उठाएं और आप गुट्टे खेलने के लिए तैयार।"
आइए हम आपको बताते हैं कि कौन-कौन से इंडोर गेम्स, क्यों हैं सेहत के लिए बेहद जरूरी
टेबल टेनिस
यह खेल विभिन्न आयु के लोगों और फिटनेस के लिए खिलाड़ियों को मनोरंजन, अच्छा व्यायाम व स्वास्थ्य लाभ देता है। कैलोरी जलाने के लिए टेबल टेनिस एक मजेदार और आसान तरीका हो सकता है। इस खेल में चोट और गिरने का खतरा भी काफी कम है। यह खेल संतुलन में सुधार तो लाता ही है, चोट लगने की आशंका भी कम करता है। वृद्ध लोगों के लिए तो यह और अच्छा है।
रस्सी कूदना
इस सस्ते और सुलभ खेल के लिए सिर्फ एक रस्सी चाहिए होती है, जिसके अंत में हैंडल होते हैं। 10 मिनट तक रस्सी कूदना 8 मिनट तक दौड़ने के बराबर होता है। रस्सी कूदने से हड्डियों की बनावट में सघनता आती है और हड्डियां मजबूत बनती हैं। पहले दिन रस्सी कूदने के बाद हो सकता है कि आपके पैरों और जांघों में दर्द और जकड़न हो। इसका कारण लम्बे समय से सुस्त पड़ी मांसपेशियां हैं। थोड़ा-थोड़ा करके रस्सी कूदने की संख्या और समय बढ़ाएं, कुछ ही दिनों में आपके पैर और शरीर के निचले भाग की मांसपेशियां मजबूत और फड़कती हुई नजर आएंगी।
चैस/शतरंज
शतरंज का खेल खेलने वाले व्यक्ति की एकाग्रता और फोकस करने की क्षमता अन्य की तुलना में बहुत अधिक होती है। यदि यह खेल छोटी उम्र में खेला जाए तो बच्चों के दिमाग का बेहतर विकास होता है। शतरंज फैसले लेने की क्षमता का भी विकास करता है। इस खेल से हमारे अंदर अनुशासन क्षमता का भी विकास होता है और समय का सही उपयोग करना भी हम सीखते हैं।
कैरम
कैरम जुनून और प्रतिस्पर्धा का खेल है। इससे जीवन की सीख मिलती है कि कोई भी कार्य एकाग्रचित्त होकर करना चाहिए। रानी कब लेनी है, यह भी राजनीति का एक पाठ है और इस पाठ को अच्छे से सीखने के लिए कैरम में अच्छे अनुभव की जरूरत होती है। जैसे जिंदगी में बड़े निर्णय लेने के लिए सही समय का इंतजार करना चाहिए और समय आते ही सही निर्णय ले लेना चाहिए।