PM मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू के 41वें जन्मदिन पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू को उनके 41 वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी।
नई दिल्ली, एएनआइ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू को उनके 41 वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी। पीएम ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वह राज्य को बदलने और अपने युवाओं को सशक्त बनाने के लिए पथ-प्रदर्शक कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा,' अरुणाचल प्रदेश के मेहनती मुख्यमंत्री पेमा खांडू जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। वे अरुणाचल प्रदेश को बदलने और राज्य के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए पथ-प्रदर्शक कार्य कर रहे हैं। सर्वशक्तिमान उन्हें लोगों की सेवा में लंबे और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दे'।
37 वर्ष की आयु में बने सीएम
बता दें कि जुलाई 2016 में 37 वर्ष की आयु में खांडू भारत के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने। इससे पहले उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी की सरकार में पर्यटन, शहरी विकास और जल संसाधन मंत्री के रूप में कार्य किया था।
2005 में कांग्रेस के साथ सियासी सफर की शुरुआत
पेमा खांडू का जन्म 21 अगस्त 1979, तवांग में हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अरुणाचल के पूर्व मुख्यमंत्री दोरजी खांडू के सबसे बड़े बेटे पेमा ने दिल्ली के हिंदू कॉलेज से स्नातक किया। दोरजी खांडू का हेलिकॉप्टर हादसे में निधन हो गया था। इसके बाद पेमा ने पिता के विधानसभा क्षेत्र मुक्तो से 2011 में चुनाव लड़ा और विजयी हुए।उन्होंने अपने सियासी सफर की शुरुआत 2005 में कांग्रेस के साथ ही थी।
भाजपा में शामिल होने का सफर
वर्ष 2010 में पेमा खांडू तवंग जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बन गए। 16 जुलाई 2016 उन्होंने कांग्रेस के विधायक दल के नेता के रूप में चुनाव लड़ा था। 2014 में उन्होंने मुक्तो से फिर विधान सभा चुनाव लड़ा और निर्विरोध ही जीत गए। 37 वर्ष में 17 जुलाई 2016 को इन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 16 सितम्बर 2016 को पेमा खांडू ने 43 सत्तापक्ष विधायकों के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छोड़कर पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल में शामिल हो गए और भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार बनाई।