Move to Jagran APP

भारत एक दिन में कई देशों की पूरी आबादी से अधिक टीके रोज लगा रहा है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज एक दिन में सवा करोड़ टीके लगाकर रिकार्ड बना रहा है। जितने टीके भारत आज एक दिन में लगा रहा है वो कई देशों की पूरी आबादी से भी ज्यादा है।

By Nitin AroraEdited By: Published: Mon, 06 Sep 2021 01:59 PM (IST)Updated: Mon, 06 Sep 2021 01:59 PM (IST)
भारत एक दिन में कई देशों की पूरी आबादी से अधिक टीके रोज लगा रहा है: पीएम मोदी
भारत एक दिन में कई देशों की पूरी आबादी से अधिक टीके रोज लगा रहा है: पीएम मोदी

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत रोजाना 1.25 करोड़ कोविड टीके लगा रहा है जो कई देशों की आबादी से अधिक है। पीएम मोदी बोले, 'भारत आज एक दिन में सवा करोड़ टीके लगाकर रिकार्ड बना रहा है। जितने टीके भारत आज एक दिन में लगा रहा है, वो कई देशों की पूरी आबादी से भी ज्यादा है। भारत के टीकाकरण अभियान की सफलता, प्रत्येक भारतवासी के परिश्रम और पराक्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है।' बता दें कि पीएम हिमाचल प्रदेश में लक्षित आबादी के कोविड-19 टीकाकरण अभियान पूरा होने पर लोगों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हिमाचल के लोगों को बधाई दी।

loksabha election banner

पीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कहा कि हिमाचल प्रदेश सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली खुराक देने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि यह पहाड़ी राज्य 100 साल की सबसे बड़ी, कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में 'चैंपियन' बन कर उभरा है। उन्होंने इस दौरान कहा कि सिक्किम और दादरा एवं नगर हवेली ने भी यह लक्ष्य हासिल कर लिया है।

बता दें कि कोरोना का मुकाबला करने में भारत तेजी से लोगों को वैक्सीन लगा रहा है। पिछले हफ्ते भारत ने 1 करोड़ 33 लाख से अधिक टीके लगाए जाने का रिकार्ड बनाया है। एक दिन में एक करोड़ 33 लाख से अधिक टीके लगाया जाना कोरोना का मुकाबला करने में भारत की प्रतिबद्धता का परिचायक है। मंगलवार को रिकार्ड संख्या में टीके लगना भारत की बढ़ती क्षमता की भी गवाही दे रहे हैं। यह एक सप्ताह में दूसरी बार था, जब भारत में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए गए। वहीं, भारत में अब तक 68 करोड़ 75 लाख 41 हजार 762 कोरोना के टीके लगाए गए। केंद्र ने 11 पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन की दूसरी डोज सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है क्योंकि इनमें से कुछ राज्यों में टीकाकरण कवरेज संतोषजनक नहीं है।

आपको जानकर हैरानी होगी कि भारत ने पिछले महीने अगस्त में G7 देशों से भी अधिक टीके लगाए हैं। अगस्त में भारत ने 18 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए जो जी-7 देशों में लगाए गए कुल टीके से भी अधिक है। जी-7 दुनिया के सात सबसे विकसित देशों का समूह है। इसमें कनाडा, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी, फ्रांस, अमेरिका और जापान शामिल हैं। अगस्त में इन सातों देशों में से जापान में कोरोना रोधी वैक्सीन की सबसे ज्यादा चार करोड़ डोज लगाई गईं। इसके बाद अमेरिका में 2.3 करोड़, फ्रांस में 1.3 करोड़, जर्मनी में 90 लाख, इटली में 80 लाख, ब्रिटेन में 50 लाख और कनाडा में 30 लाख डोज दी गईं। अगर इन सातों देशों में अगस्त में लगाई डोज को जोड़ दें तो यह कुल 10.1 करोड़ होती है। जबकि, भारत में इस दौरान 18 करोड़ डोज लगाई गईं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.