पीएम मोदी ने नाइक को किया फोन, केंद्रीय मंत्री से पूछा हालचाल, उप राष्ट्रपति भी देखने पहुंचे अस्पताल
केंद्रीय मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी सूरज नाइक ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे संक्षिप्त बातचीत की और उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए कहा। इसके साथ ही उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अस्पताल पहुंच कर उनका हालचाल जाना।
नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक को फोन कर उनका हालचाल पूछा। सोमवार को कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक दुर्घटना में घायल होने के बाद नाइक का गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज चल रहा है। केंद्रीय मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी सूरज नाइक ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे संक्षिप्त बातचीत की और उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए कहा।
उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को किया अस्पताल का दौरा
इस बीच, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को अस्पताल का दौरा कर नाइक से मुलाकात की और कहा कि वे खतरे से बाहर हैं। नायडू सुबह 10.20 बजे नाइक से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जीएमसीएच के डीन शिवानंद बांदेकर और नाइक का इलाज करने वाले अन्य डॉक्टरों से भी मुलाकात की।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि नाइक की हालत में काफी सुधार हुआ है और उन्होंने शुक्रवार को सामान्य आहार लिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री की स्थिति दिन-प्रतिदिन बेहतर हो रही है और उनको कुछ दिनों में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। नायडू के साथ सावंत भी नाइक को देखने अस्पताल गए थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे थे अस्पताल
वहीं, मंगलवार को राजनाथ सिंह नाइक की स्थित जानने के लिए गोवा पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल जाकर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से उनकी हालत के बारे में विस्तार से चर्चा की थी। उस दौरान सिंह ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर नाइक को दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है।
बता दें कि श्रीपद नाइक सोमवार की रात कार से कर्नाटक से गोवा लौट रहे थे। कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले में अंकोला के पास उनकी पलट गई थी, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए थे। हादसे में उनकी पत्नी और निजी सहायक की जान चली गई थी।