देशभर में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन, देखें- तबाही की तस्वीरें
कोरोना से परेशान लोगों को अब बाढ़ से भी बचाव करना पड़ रहा है। असम बिहार के अलावा कई और राज्यों में भी बाढ़ ने बुरे हालात कर दिए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना महामारी के बीच भारी बारिश से कई राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनीं है। इसकी वजह से लोगों का बुरा हाल हो गया है। कोरोना से परेशान लोगों को अब बाढ़ से भी बचाव करना पड़ रहा है। असम, बिहार के अलावा कई और राज्यों में भी बाढ़ ने बुरे हालात कर दिए हैं। तस्वीरों में देखिए कुछ राज्यों में बरसात के बाद के हालात।
उत्तर बिहार में रविवार को झमाझम बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी रही। दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के गोपालपुर गांव में फिर जमींदारी बांध टूट गया। दरभंगा जिले के गोपालपुर गांव में बाढ़ के पानी से निकलने की कोशिश करता व्यक्ति। जागरण
कुमाऊं के पिथौरागढ़ में बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले में चीन सीमा को जोड़ने वाली तीन सड़कों समेत 19 मार्गों पर यातायात बाधित है।
मानसून की बारिश की वजह से राप्ती नदी में उफान आ रहा है। नदी के आसपास के गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इससे लोगों ने सुरक्षित स्थानों को ओर कूच कर दिया है। रविवार को उप्र के गोरखपुर जिले के सिंदुली बिंदुली गांव से लोगों को नाव से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। - अभिनव राजन चतुर्वेदी
शिमला शहर में बरसात के दौरान भूस्खलन से होने वाला नुकसान थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिमला से तीन किलोमीटर दूर ओल्ड बेरियर पर बनी वर्षा शालिका चंद सैकंड में मलबे में तबदील हो गई।
बारिश को तरस रही राजधानी दिल्ली में रविवार को मेघ बरसे तो आफत लेकर आए। दिल्ली में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण मिंटो रोड रेलवे अंडरब्रिज के नीचे भरे पानी में डूबी डीटीसी बस। हरीश कुमार
बाढ़ में जिंदगी : भारी बारिश और बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिंदगी के लिए लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। यह तस्वीर बिहार के मुजफ्फरपुर की है, जहां रविवार को एक व्यक्ति कंधे पर रसोई गैस सिलेंडर लेकर जा रहा है, ताकि परिवार के लिए भोजन का इंतजाम हो सके। प्रेट्र
दिल्ली में इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास अन्ना नगर में नाले के किनारे बनी झुगी पानी के तेज बहाव के कारण ढह गई। वीडियो ग्रैब
दिल्ली में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण आईटीओ में जल भराव के कारण ऑटो-रिक्शा चालक ऑटो को धक्का देते हुए।
बादलों का साया... अचानक हवा के झोंके के साथ काले बादल मंडराए तो शहर के ऊपर जैसे काली छाया जैसा भ्रम पैदा हो गया। मौसम में इस तरह के परिवर्तन से उमसभरी गर्मी में लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन तेज बरसात के डर से लोग भागते भी नजर आए। नवनीत रत्न पाठक