पोषण अभियान लागू करने की मदद करने वालों को सम्मानित करेगा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
सितंबर माह 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पोषण अभियान के तहत राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया गया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। शिशुओं में कुपोषण दूर करने में जुटी सरकार ने इसके लिए चलाए गए पोषण अभियान को लागू करने में मदद करने वालों को सम्मानित करने का फैसला लिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इस अभियान को सफलता पूर्वक लागू करने में अग्रिम पंक्ति पर सक्रिय लोगों की सूची तैयार करने को कहा है।
सितंबर महीने को 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पोषण अभियान के तहत राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया गया। राष्ट्रीय पोषण अभियान का लक्ष्य 2022 तक 0-6 साल तक के आयु वर्ग के बच्चों के विकास में बाधा को 38.4 फीसद से कम कर 25 फीसद पर लाना है। सरकार ने पिछले महीने ही हर साल सितंबर महीने को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाने का फैसला लिया था। यह कदम देश में कुपोषण के खिलाफ संघर्ष के रूप उठाया जाएगा।
गति बनाए रखने और हर स्तर पर प्रयास को मान्यता देने के लिए अवार्ड दिया जाएगा। सरकारी बयान में कहा गया है कि इसके साथ ही पोषण माह के तहत पोषण अभियान लागू करने में राज्यों द्वारा की गई प्रगति पर ध्यान दिया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने विभिन्न श्रेणियों में सम्मान देने का फैसला लिया है। इसमें क्षेत्र स्तर कार्यकर्ता अवार्ड, व्यक्ति सर्वश्रेष्ठता के लिए अवार्ड, ग्रामीण स्तरीय अवार्ड, लीडरशिप अवार्ड, बेहतर सोशल मीडिया कैंपेन के लिए राज्य स्तरीय अवार्ड एवं अन्य शामिल होंगे।
अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में होगा पोषण अवार्ड समारोह
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में नई दिल्ली में पोषण अवार्ड समारोह का आयोजन कर सकता है। पोषण अभियान का लक्ष्य सभी पोषण संबंधी योजनाओं का बदलाव सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही राज्यों और सामुदायिक पोषण एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन आधारित मानदेय मुहैया कराना है। इसका उद्देश्य परिणाम पर ध्यान केंद्रित करना है।