जुहू में नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या से आक्रोशित हुए लोग, थाने के सामने किया प्रदर्शन
जुहू इलाके में नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और इसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या करने का एक मामला सामने आया है। बच्ची की डेड बॉडी शनिवार को नेहरू नगर के एक कचरे के पेटी में मिली
मुंबई, एएनआई। जुहू इलाके में नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और इसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या करने का एक मामला सामने आया है। बच्ची की डेड बॉडी शनिवार को नेहरू नगर के एक कचरे के पेटी में मिली। बच्ची की लाश मिलने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। आसपास के लोगों के साथ परिजन जुहू पुलिस स्टेशन के बाहर हंगामा करने लगे।
बता दें कि दो दिन पहले की बच्ची के परिजनों ने पुलिस के पास गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इसके बाद से पुलिस उस बच्ची की तलाश कर रही थी। मिली जानकारी के अनुसार बच्ची को उसकी मां ने दुकान से चायपत्ती लाने भेजा था। इसके बाद वह घर नहीं लौटी।
इधर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार शख्स का नाम गुंडप्पा बताया जा रहा है। गिरफ्तारी से पहले ही वह एक दुष्कर्म के मामले में सजा पा चुका है। पुलिस के अनुसार उसी ने बच्ची की हत्या की है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने समझाबुझा कर धरना खत्म करवाया। पुलिस ने धरना कर रहे लोगों को आश्वासन दिया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।