पाकिस्तान ने 48 और भारतीय मछुआरों को पकड़ा
पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने 48 और भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया है। गुजरात के जखाऊ बंदरगाह से दूर अरब सागर में बंदी बनाए गए इन मछुआरों की नौ नावों को भी जब्त कर लिया गया है।
अहमदाबाद: पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने 48 और भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया है। गुजरात के जखाऊ बंदरगाह से दूर अरब सागर में बंदी बनाए गए इन मछुआरों की नौ नावों को भी जब्त कर लिया गया है।
नेशनल फिश वर्कर्स फोरम (एनएफएफ) के सचिव मनीष लोधारी ने शनिवार को बताया कि इस कार्रवाई से कुछ घंटे पहले ही पीएमएसए ने इसी स्थान से 40 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लेकर उनकी सात नावों को जब्त कर लिया था। इस तरह पीएमएसए ने पिछले 48 घंटों में कुल 88 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया है।
लोधारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि भारतीय मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आइएमबीएल) के नजदीक से पकड़ा गया। इसके बाद पाकिस्तानी एजेंसी उन्हें कराची बंदरगाह पर ले गई।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी एजेंसी की इस कार्रवाई के बारे में राज्य के अधिकारियों और तटरक्षक बल को सूचना दे दी गई है। पाकिस्तान के जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इन मछुआरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उन्हें कराची की बंदरगाह पुलिस के हवाले कर दिया गया है।