कश्मीर मुद्दे पर मुंह की खाने के बाद बौखलाया पाक, भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त को नहीं देगा वीजा, बनाया यह बहाना
कश्मीर के मुद्दे पर मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के कार्यवाहक प्रमुख जयंत खोबरागड़े को वीजा जारी करने से इन्कार कर दिया है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। कश्मीर के मुद्दे पर दुनियाभर में मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। अब उसने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के कार्यवाहक प्रमुख जयंत खोबरागड़े को वीजा जारी करने से इन्कार कर दिया है। सूत्रों ने रविवार को जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान ने इस आधार पर जयंत खोबरागड़े को वीजा देने से मना किया है कि पद के हिसाब से वे बहुत अधिक वरिष्ठ हैं। भारत ने जून में ही पाकिस्तान को खोबरागड़े को उप उच्चायुक्त नियुक्त करने की जानकारी दे दी थी। नए घटनाक्रम पर भारत और पाकिस्तान की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
भारत ने पिछले साल पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म करते हुए राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों-जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ अपने राजनयिक संबंधों को कम कर दिया था। उसने तत्कालीन भारतीय उच्चायुक्त को निकाल दिया था। पाकिस्तान ने नई दिल्ली के लिए नियुक्त अपने उच्चायुक्त को भी नहीं भेजा था। तब से ही इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग और नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग का नेतृव उनके उच्चायुक्तों द्वारा किया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर में बदलाव के बाद अमन चैन की बहाली होते देख पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। पहले उसने हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर कश्मीर के मुद्दे को उठाने की कोशिश की। लेकिन हर जगह उसे नाकामी मिली। किसी भी देश ने उसकी बात नहीं सुनी। अब वह उच्चायुक्त की नियुक्ति को रोकने जैसी हरकत कर रहा है। पाकिस्तान के इस फैसले से दोनों के संबंधों में और तनाव आना तय है।
भारत ने इस साल जून में पाकिस्तान से अपने उच्चायोग में तैनात स्टाफ की आधी संख्या कम करने को कहा था। पाकिस्तान उच्चायोग के कुछ सदस्यों के जासूसी में शामिल होने के बाद भारत ने यह फैसला किया था। उसी के मुताबिक भारत ने इस्लामाबाद में अपने उच्चायोग के स्टाफ में कटौती कर दी थी।