पाक ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
नयंत्रण रेखा से सटे पुंछ जिले में आतंकियों के एक दल को घुसपैठ करवाने के लिए पाकिस्तानी सैनिकों ने कल मध्यरात्रि में फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और भारतीय सीमा चौकी पर गोलीबारी की।
जम्मू। नियंत्रण रेखा से सटे पुंछ जिले में आतंकियों के एक दल को घुसपैठ करवाने के लिए पाकिस्तानी सैनिकों ने कल मध्यरात्रि में फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और भारतीय सीमा चौकी पर गोलीबारी की।
एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि पुंछ सेक्टर के नंगी तिकरी-कृष्णा घाटी इलाके में सीमारेखा के निकट आतंकियों के एक दल का पता चला जो घनी झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। उन्होंने बताया कि जैसे ही भारतीय सैनिकों ने उन्हें चुनौती दी पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों डाकू, काउदू और एलो बम्प की ओर से नियंत्रण रेखा से लगी चार भारतीय चौकियों पर मध्यरात्रि में लगभग 12 बज कर 30 मिनट पर अंधाधुंध गोलीबारी की गई। उन्होंने बताया कि यह गोलीबारी पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा आतंकियों को घुसपैठ करवाने के लिए की गई। उन्होने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटी बंदूकों से भारतीय सीमा चौकी पर 700-800 राउंड गोलीबारी की जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी गोलीबारी की जो पिछली रात दो बजे तक लगातार चलती रही।
अधिकारी ने बताया कि दोनो तरफ से हुई गोलीबारी के बाद घुसपैठ करने वाले आतंकी वापस भाग गए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम का यह सीधा उल्लंघन है। संघर्षविराम उल्लंघन की यह इस माह में तीसरी घटना है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर