भारत के नामचीन चित्रकारों की पेंटिंग की 20 मार्च को न्यूयार्क में होगी नीलामी
दिल्ली में दक्षिण एशियाई कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। नीलामी घर क्रिस्टी के भारत में 25 साल पूरे करने पर कलाकृतियों की 20 मार्च को न्यूयार्क में नीलामी होनी है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। नीलामी घर क्रिस्टी के भारत में 25 साल पूरे करने पर दक्षिण एशियाई कलाकृतियों की न्यूयार्क में नीलामी होनी है। इसमें भारत के नामचीन कलाकारों की कलाकृतियां शामिल की गई हैं। 20 मार्च को न्यूयार्क में नीलामी होनी है, लेकिन इससे पहले शनिवार तक इसकी प्रदर्शनी दिल्ली में लगाई गई।
शनिवार को दिल्ली के ओबेराय होटल में इन कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। दक्षिण एशियाई आधुनिक और समकालीन कला की इस प्रदर्शनी में हेमेंद्रनाथ मजूमदार, एमएफ हुसैन, मंजीत बावा, अर्पिता सिंह, रामेश्वर ब्रूटा, राम कुमार, अकबर पदमसी, एसएच रजा, जोगेन चौधरी और एफएन सूजा की पेंटिंगों और कलाकृतियों को यहां प्रदर्शित किया गया।
क्रिस्टी के विशेषज्ञ और सेल प्रमुख निषाद अवारी ने बताया कि अर्पिता सिंह के चित्र 'अश्वमेध' (2008) को प्रदर्शनी में हाईलाइट किया गया है। यह पेंटिंग समकालीन युद्ध के हालात को दर्शाती है। इसके अलावा, सिंह की ही एक वाटर कलर पेंटिंग 'गर्ल इन व्हाइट' (1994) को भी प्रदर्शित किया गया है। इसमें हुसैन की घोड़ों की पेंटिंग और सूजा की भी दुलर्भ पेंटिंग प्रदर्शित की गई है।