Move to Jagran APP

Covid-19: दक्षिण भारत में हालात काबू में नहीं, महाराष्ट्र में 86 साल के एक व्यक्ति ने दी कोरोना को मात

राज्यों में तेजी से बढ़ते संक्रमण के चलते दो दिन में फिर दो लाख से ज्यादा मामले बढ़ गए हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Wed, 05 Aug 2020 09:47 PM (IST)Updated: Wed, 05 Aug 2020 09:47 PM (IST)
Covid-19: दक्षिण भारत में हालात काबू में नहीं, महाराष्ट्र में 86 साल के एक व्यक्ति ने दी कोरोना को मात
Covid-19: दक्षिण भारत में हालात काबू में नहीं, महाराष्ट्र में 86 साल के एक व्यक्ति ने दी कोरोना को मात

जेएनएन, नई दिल्ली। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और दक्षिण भारत के कुछ अन्य राज्यों में तेजी से बढ़ते संक्रमण के चलते दो दिन में फिर दो लाख से ज्यादा मामले बढ़ गए हैं। महाराष्ट्र में नए मामलों के साथ ही मौतों की संख्या भी बढ़ी है। कई दिनों के बाद राज्य में 10 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं। देशभर में कुल संक्रमितों का आंकड़ा सवा 19 लाख को पार कर गया है, जबकि अब तक 40 हजार से ज्यादा लोगों की जान भी जा चुकी है।

loksabha election banner

महामारी से मरने वालों की संख्या 40,346 पहुंची

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य श्रोतों से रात आठ बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक मंगलवार देर रात से अब तक 27,752 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 19 लाख 28 हजार 923 हो गई है। अब तक 12 लाख 89 हजार 240 मरीज ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मरीज पांच लाख 99 हजार 337 ही रह गए हैं। इस महामारी से मरने वालों की संख्या भी 40,346 हो गई है। बुधवार को 582 लोगों की मौत हुई, जिसमें महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 334, तमिलनाडु में 112, उत्तर प्रदेश में 40, गुजरात में 23, मध्य प्रदेश में 17, तेलंगाना में 13, दिल्ली में 11, जम्मू-कश्मीर व ओडिशा में नौ-नौ और केरल व पुडुचेरी में सात-सात मौतें शामिल हैं।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते चौबीस घंटे के दौरान 52 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 19 लाख आठ हजार को पार कर गया। 12 लाख 82 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हो चुके हैं और 39,795 मरीजों की मौत हो चुकी है। सक्रिय मामले पांच लाख 86 हजार से कुछ अधिक रह गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य श्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में फिर तेजी से बढ़े केस

महाराष्ट्र में कुछ दिनों के बाद फिर 10,309 मामले सामने आए हैं। इससे पहले 31 अगस्त को इससे ज्यादा नए केस मिले थे। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या चार लाख 68 से ज्यादा हो गई है। एक दिन में रिकॉर्ड 334 मरीजों की जान भी गई है और मृतकों का आंकड़ा भी 16,476 पर पहुंच गया है। हालांकि, मुंबई में स्थिति कुछ सुधरती नजर आ रही है। महानगर में नए मामले कम मिल रहे हैं। गुजरात में 1,073 नए केस मिले हैं और अब तक सामने आए मामलों की संख्या 66 हजार 777 हो गई है।

बुजुर्ग ने दी कोरोना को मात

महाराष्ट्र में 86 साल के एक व्यक्ति ने कोरोना को मात दी है। पूरी तरह से ठीक होने के बाद उन्हें जालना में मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दी गई। मरीज को 18 दिन पहले मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बुजुर्ग को ब्लड प्रेशर के साथ ही किडनी की भी समस्या थी। उन्हें 12 दिनों तक वेंटिलेटर पर भी रखा गया था।

दिल्ली में 1,076 नए केस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तीन-चार दिनों के बाद एक बार फिर एक हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। राजधानी में अब तक सामने आए संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख 40 हजार को पार कर गया है। जम्मू-कश्मीर में 559 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 22 हजार 955 हो गई है।

दक्षिण भारत में हालात काबू में नहीं

दक्षिण भारत में लगातार स्थिति खराब बनी हुई है। तमिलनाडु में 5,175 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या दो लाख 73 हजार को पार कर गई है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में लगातार पांच हजार के आस-पास नए मामले मिल रहे हैं। रिकॉर्ड 112 लोगों की मौत भी हुई है। अब तक 4,461 मरीजों की जान जा चुकी है। तेलंगाना में भी नए मामले बढ़ गए हैं। पिछले कुछ दिनों से राज्य में हजार और उससे कुछ ज्यादा नए केस मिल रहे थे। लेकिन बुधवार को यह संख्या 2,012 हो गई। तेलंगाना में संक्रमितों का आंकड़ा 70 हजार 958 पर पहुंच गया है। वहीं, केरल में भी 1,195 नए केस के साथ मरीजों की संख्या 29 हजार को पार कर गई है। पुडुचेरी में रिकॉर्ड 286 नए केस सामने आए हैं। इस केंद्र शासित प्रदेश में अब तक चार हजार चार सौ से अधिक मरीज मिल चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में चार हजार नए केस

उत्तर प्रदेश में 4,078 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या एक लाख चार हजार को पार कर गई है। राज्य में अब तक 1,857 मरीजों की जान भी जा चुकी है। मध्य प्रदेश में 652 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 35 हजार से ज्यादा हो गई है। ओडिशा में 1,337 नए मरीजों के साथ अब तक 39 हजार से ज्यादा संक्रमित पाए जा चुके हैं।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बढ़ रहा कोरोना

पूर्वोत्तर के राज्यों में कोरोना के मामले थम नहीं रहे। अरुणाचल प्रदेश में और 32 संक्रमित पाए गए हैं और इनकी कुल संख्या 1,790 हो गई है। नए मामलों में 13 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। त्रिपुरा में 125 नए केस मिले हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 5,646 हो गई है। दो लोगों की जान भी गई है। राज्य में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। मेघालय में 20 नए मामलों के साथ कुल मरीजों की संख्या 937 हो गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.