सातवें दिन 2.28 लाख लाभार्थियों को दी गई कोविड वैक्सीन, किसी पर मरीज पर नहीं दिखा गंभीर दुष्प्रभाव
देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान का पहला चरण तेजी से चल रहा है। अभियान के सातवें दिन शुक्रवार को शाम छह बजे तक 228563 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई गई। किसी भी लाभार्थी पर गंभीर दुष्प्रभाव देखने को नहीं मिला है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान (vaccination drive in India) के सातवें दिन शुक्रवार को शाम छह बजे तक 2,28,563 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई गई। शुक्रवार को 6,230 सत्रों के दौरान चले टीकाकरण अभियान में प्रतिकूल प्रभाव के 267 मामले सामने आए। हालांकि, किसी भी लाभार्थी पर गंभीर या अत्यधिक गंभीर दुष्प्रभाव देखने को नहीं मिला है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
कुल 12,72,097 स्वास्थ्यकर्मियों को लगा टीका
मंत्रालय ने बताया कि सात दिनों के अभियान (vaccination drive) में कुल 12,72,097 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली खुराक दी चुकी है। 24,397 सत्रों में ये टीके लगाए गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि अब तक कुल 1,110 लाभार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव नजर आए हैं, जिसमें शुक्रवार के 267 मामले भी शामिल हैं। हालांकि, इनमें से ज्यादातर में हल्का दुष्प्रभाव देखने को मिला है।
कल एक लाख 92 हजार से ज्यादा को लगी थी वैक्सीन
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को एक लाख 92 हजार से अधिक लाभार्थियों को टीके लगाए गए थे। जबकि उसके एक दिन पहले यानी बुधवार को एक लाख 12 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीन दी गई थी।
सबसे ज्यादा कर्नाटक में टीकाकरण
मंत्रालय के मुताबिक अभी तक सबसे ज्यादा कर्नाटक में 1,82,503 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए हैं। आंध्र प्रदेश में 1,27,726, बंगाल में 80,542, बिहार में 63,620, केरल में 46,970, तमिलनाडु में 46,528, गुजरात में 42,395 और दिल्ली में 18,844 लाभार्थियों को टीके लगाए गए हैं।
हर राज्यों के लिए तय है शेड्यूल
देश में कोरोना महामारी के खिलाफ 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने टीकाकरण के लिए हर राज्यों के लिए अलग-अलग दिन तय कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश, गोवा और हिमाचल प्रदेश में हफ्ते में दो दिन टीके लगाए जाएंगे तो आंध्र प्रदेश में सबसे अधिक छह दिन टीकाकरण अभियान चलेगा।