Move to Jagran APP

देश में एक दिन में 5.15 लाख नमूनों की जांच, संक्रमितों का आंकड़ा 14.50 लाख के पार

केंद्र के मुताबिक एक दिन में रिकॉर्ड 5.15 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई। इससे पहले एक दिन में 4.42 लाख और उससे एक दिन पहले 4.20 लाख जांचें की गई थीं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Mon, 27 Jul 2020 10:52 PM (IST)Updated: Tue, 28 Jul 2020 03:08 AM (IST)
देश में एक दिन में 5.15 लाख नमूनों की जांच, संक्रमितों का आंकड़ा 14.50 लाख के पार
देश में एक दिन में 5.15 लाख नमूनों की जांच, संक्रमितों का आंकड़ा 14.50 लाख के पार

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए जांच क्षमता बढ़ाने की कोशिशों के नतीजे मिलने लगे हैं। रोजाना होने वाले नमूनों की जांच का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। एक दिन में रिकॉर्ड 5.15 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई। इससे एक दिन पहले एक दिन में 4.42 लाख और उससे एक दिन पहले 4.20 लाख सैंपल्स टेस्ट किए गए थे। इससे महामारी के चलते होने वाली मौत की दर भी तेजी से कम हो रही है लेकिन संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। मौजूदा वक्‍त में संक्रमितों की संख्या 14.50 लाख को पार कर गई है जबकि 33 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि, अच्छी बात ये भी है कि अब तक सवा नौ लाख से ज्यादा मरीज ठीक भी हो चुके हैं।

loksabha election banner

चौबीस घंटे में पांच लाख से अधिक जांचें 

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) ने सोमवार को कहा कि 26 जुलाई को बीते चौबीस घंटे के दौरान कुल पांच लाख 15 हजार 472 नमूनों की जांच की गई। उस समय तक कुल एक करोड़ 68 लाख छह हजार 803 सैंपल की टेस्टिंग हो चुकी थी। कुल 1,310 प्रयोगशालाओं में कोरोना की जांच की जा रही है, जिसमें 906 सरकारी और 404 निजी प्रयोगशालाएं हैं। इनमें आरटी-पीसीआर जांच के 668, ट्रूनेट जांच के 536 और सीबीएनएएटी जांच के 106 लैब शामिल हैं।

मृत्युदर में गिरावट 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार आठ बजे जारी बुलेटिन में कहा है कि कोरोना से मृत्युदर में उत्तरोत्तर गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में यह 2.28 फीसद है। भारत कोरोना से सबसे कम मृत्युदर वाले देशों में से एक है। दूसरी ओर मरीजों के स्वस्थ होने की दर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से रोज 30 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। मरीजों के ठीक होने की दर इस समय 64 फीसद पर पहुंच गया है। मंत्रालय के मुताबिक अब तक 14 लाख 35 हजार से ज्यादा संक्रमित सामने आ चुके हैं। जिनमें से नौ लाख 17 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। चार लाख 85 हजार से कुछ अधिक सक्रिय मामले रह गए हैं। सक्रिय मरीजों से स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या चार लाख 32 हजार अधिक हो गई है।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें 

सोमवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 227, तमिलनाडु में 77, कर्नाटक में 75, आंध्र प्रदेश में 49, उत्तर प्रदेश में 30, दिल्ली में 26, गुजरात में 22, जम्मू-कश्मीर में नौ, तेलंगाना में आठ, असम व ओडिशा में सात-सात, पुडुचेरी में तीन और झारखंड, त्रिपुरा व केरल में दो-दो मौतें शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

दिल्ली में नए मामलों में रिकॉर्ड कमी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली कोरोना से जंग जीतती नजर आ रही है। सोमवार को राजधानी में मात्र 613 नए मामले मिले। दो हफ्ते के भीतर दूसरी बार हजार से कम नए मामले सामने आए हैं। अब तक एक लाख 31 हजार 219 संक्रमित मिल चुके हैं। जम्मू-कश्मीर में 470 नए मरीजों के साथ कुल 18 हजार 390 मरीज मिल चुके हैं।

यूपी में रिकॉर्ड 3,505 नए मामले

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 3,505 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 70 हजार को पार कर 70,493 पर पहुंच गया है। 1,503 नए केस के साथ ओडिशा में 26 हजार 892 और 457 नए मामलों के साथ झारखंड में अब तक 8349 मामले मिल चुके हैं। बंगाल में अब तक 60 हजार 380, बिहार में 41 हजार 111, हरियाणा में 32 हजार 127 और मध्य प्रदेश में 28 हजार 589 मामले सामने आ चुके हैं।

महाराष्ट्र में नए मामले घटे

महाराष्ट्र में नए मामलों में क्रमश: कमी आ रही है। करीब दो हफ्ते पहले राज्य में एक दिन में साढ़े 10 हजार से ज्यादा नए मामले आए थे। उसके बाद से लगातार यह संख्या कम हो रही है। सोमवार को 7,924 नए केस मिले। राज्य में अब तक तीन लाख 83 हजार 723 संक्रमित मिले हैं और 13,883 लोगों की मौत हो चुकी है। दो लाख 21 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं और सक्रिय मामले डेढ़ लाख से कम रह गए हैं। महाराष्ट्र से सटे गुजरात में रोज मिल रहे नए मामले तो बढ़ रहे हैं, लेकिन मृतकों की संख्या कम हो रही है। राज्य में 1,052 नए केस मिले हैं और मरीजों की संख्या बढ़कर 56 हजार 874 हो गई है। अब तक 2,348 लोगों की मौत हुई है। गोवा में भी 258 नए केस मिले हैं और मरीजों की संख्या पांच हजार को पार कर गई है।

दक्षिण भारत में तेज रफ्तार बरकरार

दक्षिण भारत के राज्यों में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार बनी हुई है। कर्नाटक में रिकॉर्ड 5,324 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों की संख्या एक लाख को पार कर गई है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 6,051 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख को पार कर गई है। तमिलनाडु में 6,993 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा दो लाख 20 हजार 716 पर पहुंच गया है। तेलंगाना में 1,473 नए केस के साथ 55 हजार 532 और केरल में 702 नए मामलों के साथ कुल मरीजों की संख्या 19 हजार 727 हो गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.