एक दिन में 80 हजार से अधिक रोगियों ने दी कोरोना को मात, अब तक 36 लाख से ज्यादा लोग बीमारी से उबरे
रोजाना बड़ी संख्या में मरीज ठीक भी हो रहे हैं और अब तक 36 लाख से अधिक मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार 95 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 46 लाख को पार कर गया है। लेकिन अच्छी बात यह भी है कि रोजाना बड़ी संख्या में मरीज ठीक भी हो रहे हैं और अब तक 36 लाख से अधिक मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। महामारी की वजह से मरने वालों की संख्या भी 77 हजार को पार कर गई है।
समाचार एजेंसियों की तरफ से रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार की देर रात से अब तक 97,908 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 46 लाख 46 हजार से अधिक हो गया है। इस दौरान 80,606 मरीज ठीक भी हुए हैं और कोरोना को मात देने वाले रोगियों की संख्या बढ़कर 36 लाख 10 हजार से ज्यादा हो गई है। कोरोना संक्रमण के चलते अब तक 77,373 लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को 1,166 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 393, कर्नाटक में 130, आंध्र प्रदेश में 77 और गुजरात में 16 मौतें शामिल हैं।
महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 24,886 नए केस
महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 24,886 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। अब तक 28,724 लोगों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि, इस दौरान 14 हजार से अधिक मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली और ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा सात लाख को पार कर गया है। राज्य में अब तक 50.72 लाख कोरोना टेस्ट हुए हैं। महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य गुजरात में 1,344 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमित एक लाख 10 हजार से अधिक हो गए हैं।
आंध्र प्रदेश में 10 हजार से कम नए मामले
आंध्र प्रदेश में लगभग दो हफ्ते बाद एक दिन में 10 हजार से कम नए मामले सामने आए हैं और राज्य को कुछ राहत मिली है। राज्य में 9,999 नए केस मिले हैं और 11 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5.47 लाख से अधिक हो गया है। इनमें से 4.46 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 4,779 लोगों की अब तक जान गई है। केरल में 2,988 नए मामले आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख को पार कर गया है। इसके साथ ही एक लाख से अधिक संक्रमितों वाला केरल देश का 13वां राज्य बन गया है।