Move to Jagran APP

देश में कोरोना टेस्ट की संख्या 14 करोड़ के करीब, जानिए किन आठ राज्यों में स्थिति अभी भी है खराब

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में सामने आए नए मामलों में से 69 फीसद केवल आठ राज्यों से हैं। सबसे ज्यादा 6185 मामले महाराष्ट्र में आए हैं। इसके बाद 5482 मामलों के साथ दिल्ली और 3966 मामलों के साथ केरल का स्थान रहा।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Sat, 28 Nov 2020 10:05 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2020 10:08 PM (IST)
देश में कोरोना टेस्ट की संख्या 14 करोड़ के करीब, जानिए किन आठ राज्यों में स्थिति अभी भी है खराब
देश में संक्रमितों का आंकड़ा 93 लाख के पार पहुंच गया है।

नई दिल्ली, जेएनएन। लगातार बढ़ती क्षमता के दम पर देश में कोरोना टेस्ट की संख्या में 14 करोड़ के करीब पहुंच गई है। शनिवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक देश में 13.82 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। इसमें से अकेले शुक्रवार को 11.57 लाख टेस्ट किए गए। मंत्रालय ने बताया कि देश में प्रति 10 लाख पर टेस्ट की संख्या एक लाख से ज्यादा हो गई है। इस समय देशभर में 2,161 लैब में कोरोना जांच की सुविधा उपलब्ध है। 23 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में प्रति 10 लाख आबादी पर जांच की संख्या राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।

loksabha election banner

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 41,322 नए मामलों के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 93.51 लाख हो गया है। इसमें से 87.60 लाख लोग अब तक इस बीमारी को मात दे चुके हैं। इस तरह देश में कोराना से ठीक हो चुके लोगों की संख्या 93.68 फीसद हो गई है। तीन दिन लगातार बढ़ने के बाद सक्रिय मामलों में फिर गिरावट आई है। देशभर में करीब 4.55 लाख सक्रिय मामले हैं। लगातार 18 दिन से सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख से कम है। अब तक इससे 1.36 लाख लोगों की जान गई है। इस तरह मृत्यु दर 1.46 फीसद है।

आठ राज्यों में स्थिति खराब

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में सामने आए नए मामलों में से 69 फीसद केवल आठ राज्यों से हैं। सबसे ज्यादा 6,185 मामले महाराष्ट्र में आए हैं। इसके बाद 5,482 मामलों के साथ दिल्ली और 3,966 मामलों के साथ केरल का स्थान रहा। बंगाल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में भी ज्यादा मामले आ रहे हैं।

दिल्ली में ठीक हुए रिकॉर्ड मरीज

ठीक हुए मरीजों के मामले में दिल्ली से अच्छी खबर है। शुक्रवार को यहां 5,937 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हुए। यह दिल्ली में एक दिन में ठीक हुए लोगों की सर्वाधिक संख्या है। केरल में 4,544 और महाराष्ट्र में 4,089 लोग ठीक हुए। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 485 लोगों की जान गई, जिसमें से 78.35 फीसद लोग 10 राज्यों से थे। सबसे ज्यादा दिल्ली में 98 लोगों ने जान गंवाई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.