मुंबई में नहीं दिखा भारत बंद का असर
मुंबई [जासं]। दो दिन के भारत बंद का असर बुधवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बिल्कुल भी दिखाई नहीं दिया। क्योंकि यहां कल से शुरू हो रही बारहवीं की परीक्षाओं के कारण करीब-करीब सभी कर्मचारी संगठन इस बंद से दूर रहे। सिर्फ बैंकों का कामकाज बंद होने से लोगों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

भारत बंद के दौरान मुंबई में जनजीवन अन्य दिनों की तरह बिल्कुल सामान्य चलता रहा। न तो बेस्ट की बसें बंद हुई, न ही आटो रिक्शा और टैक्सियां। एक-दो छुटपुट घटनाओं के अलावा शहर में कोई हिंसा भी नहीं हुई। शिवसेना ने पहले ही बारहवीं की परीक्षाओं को देखते हुए बंद से अलग रहने का निर्णय किया था। टैक्सी एवं आटो चालक संगठनों में प्रभाव रखनेवाली एनसीपी नेता शरद राव ने भी अपने संगठनों को औद्योगिक बंद तक सीमित रहने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद मुंबई एवं इसके इर्द-गिर्द की 10,000 से ज्यादा लघु एवं मध्यम औद्योगिक इकाइयों में कामकाज चलता रहा।
मुंबई की जीवन रेखा मानी जानेवाली पश्चिम एवं मध्य रेलवे की उपनगरीय गाड़ियां भी बिना किसी व्यवधान के चलती रहीं। बेस्ट बसों के चालकों एवं कंडक्टरों की उपस्थिति भी रोज से ज्यादा, यानी 98 प्रतिशत तक देखी गई। इसके कारण कार्यालय जानेवाले लोगों को कोई परेशानी होती नहीं दिखाई दी। दूध, पानी, सब्जी, गैस एवं बिजली की आपूर्ति भी बिल्कुल सामान्य रही।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर