Move to Jagran APP

Corona infection: देश में पहली बार एक लाख के पार कोरोना के नए केस, दिल्ली में बढ़े नए मामले

भारत ही नहीं दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में एक लाख से अधिक नए मामले अब तक नहीं मिले हैं। अमेरिका में एक दिन में सबसे अधिक 78 हजार मामले मिले हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Tue, 08 Sep 2020 10:36 PM (IST)Updated: Wed, 09 Sep 2020 07:23 AM (IST)
Corona infection: देश में पहली बार एक लाख के पार कोरोना के नए केस, दिल्ली में बढ़े नए मामले
Corona infection: देश में पहली बार एक लाख के पार कोरोना के नए केस, दिल्ली में बढ़े नए मामले

जेएनएन, नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण से स्थिति अत्यधिक गंभीर होती जा रही है। पहली बार देश में एक दिन में एक लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं।

prime article banner

दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में अभी तक नहीं मिले एक लाख से अधिक नए मामले

भारत ही नहीं दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में एक लाख से अधिक नए मामले अब तक नहीं मिले हैं। अमेरिका में एक दिन में सबसे अधिक 78 हजार मामले मिल चुके हैं। महामारी से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी डराने लगा है।

24 घंटों में रिकॉर्ड 1,532 मौतें

बीते 24 घंटों में 1500 से ज्यादा मरीजों की जान गई है। हालांकि, सुकून की बात यह भी है कि 89 हजार से अधिक मरीज ठीक भी हुए हैं, जो एक दिन में स्वस्थ होने वाले मरीजों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।

देश में 1,04,789 कोरोना के नए मामले सामने आए

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिले आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को देशभर में 1,04,789 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 43 लाख 55 हजार को पार कर गया है। इस दौरान 89,446 मरीजों को देश के विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी भी मिली है और अब तक कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 33 लाख 86 हजार से अधिक हो गई है। रिकॉर्ड 1,532 लोगों की मौत हुई है और इस महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 73,828 हो गया है। सक्रिय मामले नौ लाख से कम हैं।

महाराष्ट्र में लगातार तीसरे दिन 20 हजार से अधिक मामले

महाराष्ट्र में लगातार तीन दिनों से 20 हजार से अधिक नए मामले मिल रहे हैं। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा भी साढ़े नौ लाख के करीब पहुंच गया है। राज्य में इस महामारी से और 380 लोगों की जान भी चली गई है, इसमें अकेले मुंबई में ही 42 मौतें हुई हैं। राज्य में एक दिन पहले 400 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। अब तक 27 हजार 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। पुणे दो लाख से अधिक संक्रमितों वाला देश का पहला जिला बन गया है। दूसरे स्थान पर दिल्ली और तीसरे स्थान पर मुंबई है।

दिल्ली में बढ़े नए मामले

राजधानी दिल्ली में सितंबर के महीने में दूसरी बार सबसे अधिक 3,609 नए केस मिले हैं। छह सितंबर को 3,686 नए मामले सामने आए थे। संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख के करीब पहुंच गया है। यही हाल उत्तर प्रदेश का भी है। राज्य में फिर छह हजार से अधिक 6,743 नए मामले सामने आए हैं और आंकड़ा पौने तीन लाख को पार कर गया है। 73 मौतों के साथ मरने वालों की संख्या भी चार हजार से अधिक हो गई है।

दक्षिण भारत में कमजोर नहीं हो रहा कोरोना

दक्षिण भारत में कोरोना के कमजोर होने के संकेत नहीं मिले हैं। आंध्र प्रदेश में 10 हजार से अधिक रोज नए केस मिल रहे हैं। मंगलवार को 10,601 नए मामले मिले और कुल संक्रमित 5.17 लाख से अधिक हो गए। राज्य में 11 हजार से अधिक मरीज ठीक भी हुए हैं। लगातार पांचवें दिन नए मामलों से अधिक संख्या में मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है। तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना में भी संक्रमण की गति कम नहीं हो रही। तमिलनाडु में पांच हजार, केरल में तीन हजार और तेलंगाना में दो हजार से अधिक नए केस सामने आए हैं।

अहम मुकाम

- अब तक 5.06 करोड़ नमूनों की जांच

- बीते 24 घंटों में 10.98 लाख सैंपल टेस्ट किए गए

- प्रति 10 लाख आबादी पर 36,703 जांच

- कुल प्रयोगशालाओं की संख्या 1,668, इनमें 1,035 सरकारी और 633 निजी लैब।

प्रति 10 लाख आबादी पर मामले

-वैश्विक औसत -3,527

भारत         3,102

अमेरिका  19,549

ब्राजील     19,549

रूस          7,063

मेक्सिको   4,945।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.