Move to Jagran APP

कोरोना काल में मिली गुड न्यूज, पहली बार एक दिन में करीब एक लाख मरीज हुए ठीक

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से शुक्रवार रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार देर रात से अब तक 98910 मरीज ठीक हुए हैं।

By Neel RajputEdited By: Published: Fri, 18 Sep 2020 10:13 PM (IST)Updated: Sat, 19 Sep 2020 06:31 AM (IST)
कोरोना काल में मिली गुड न्यूज, पहली बार एक दिन में करीब एक लाख मरीज हुए ठीक
कोरोना काल में मिली गुड न्यूज, पहली बार एक दिन में करीब एक लाख मरीज हुए ठीक

नई दिल्ली, जेएनएन देश में पहली बार एक दिन में करीब एक लाख कोरोना के मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 42 लाख के करीब पहुंच गई है। हालांकि, इस दौरान 91 हजार से अधिक नए मामले भी सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा भी लगभग 53 लाख हो गया है। वहीं, इस महामारी ने अब तक 85 हजार से अधिक लोगों की जान भी ले ली है।

loksabha election banner

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से शुक्रवार रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार देर रात से अब तक 91,236 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 52 लाख 93 हजार से अधिक हो गई है। इस दौरान 98,910 मरीज ठीक भी हुए हैं और अब तक स्वस्थ हुए लोगों का आंकड़ा 41.94 लाख हो गया है। महामारी के चलते और 1,223 लोगों की मौत हो गई है और मृतकों की संख्या 85,520 पर पहुंच गई है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 52.14 लाख है। जबकि, 41.12 लाख मरीज अब तक ठीक हुए हैं और 84,372 लोगों की मौत हुई है।

पांच राज्यों में सबसे अधिक सक्रिय मामले और ठीक हुए मरीज

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के पाचं राज्यों महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं। इन्हीं पांच राज्यों में कोरोना महामारी से ठीक होने वाले सबसे अधिक मरीज भी हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 78.86 फीसद हो गई है, जबकि मृत्युदर घटकर 1.63 फीसद पर आ गई है। पिछले 11 दिनों से रोज 70 हजार से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं।

महाराष्ट्र में 21 हजार से अधिक केस, 405 मौतें

महाराष्ट्र में कोरोना से हालात सुधर नहीं रहे हैं। राज्य में 21,656 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 11.67 लाख से अधिक हो गया है। 405 लोगों की मौत भी हुई है। अब तक राज्य में 31,791 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि, 22 हजार से अधिक मरीज ठीक भी हुए हैं और कोरोना को मात दे चुके लोगों की संख्या 8.34 लाख से अधिक हो गई है। सक्रिय मामले तीन लाख से कुछ ही अधिक हैं। पुडुचेरी में 490 नए मामले मिले हैं और छह लोगों की मौत हुई है। केंद्र शासित प्रदेश में अब तक 21 हजार से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं और 437 लोगों की मौत हुई है।

गुजरात में रिकॉर्ड 1,410 नए केस

गुजरात में नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में बीते चौबीस घंटों के दौरान रिकॉर्ड 1,410 नए केस सामने आए हैं और मरीजों की संख्या बढ़कर 1.20 लाख को पार कर गई है। 16 नई मौतों के साथ मरने वालों का आंकड़ा भी 3,287 पर पहुंच गया है। राजधानी दिल्ली में लगातार चार हजार से अधिक नए केस मिलने का सिलसिला जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में और 4,127 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 2.38 लाख को पार कर गया है। 30 लोगों की मौत भी हुई है और मरने वालों की संख्या पांच हजार के करीब पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में 6,584 नए केस मिले हैं और 90 लोगों की जान गई है। राज्य में अब तक 3.42 लाख संक्रमित मिल चुके हैं और 4,869 लोगों की जान भी जा चुकी है।

दक्षिण भारत में थम नहीं रही रफ्तार

दक्षिण भारत के राज्यों में कोरोना की रफ्तार थम नहीं रही है। हालांकि, आंध्र प्रदेश में नए मामलों में कुछ कमी जरूर आई है। राज्य में 8,096 नए मामले मिले हैं और 67 लोगों की जान गई है। राज्य में संक्रमितों की संख्या छह लाख को पार कर गई है। राज्य में 5,244 लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। केरल में लगातार दूसरे दिन चार हजार से अधिक नए केस मिले। 4,167 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 1.26 लाख से अधिक हो गई है। अब तक 500 से ज्यादा लोगों की जान भी जा चुकी है। इसी तरह तेलंगाना में 2,043 नए केस के साथ कुल मरीजों की संख्या 1.67 लाख से अधिक हो गई है। राज्य में और 11 लोगों की जान गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.