अब तक 91 लाख से ज्यादा लोगों को दी गई वैक्सीन, 24 घंटे में यूपी, राजस्थान समेत 18 राज्यों में कोरोना से एक भी मौत नहीं
देश में कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण का काम तेजी से चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक करीब 191373 सत्रों के जरिए करीब 90 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण का काम तेजी से चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक करीब 1,91,373 सत्रों के जरिए करीब 91 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक देश में कोविड वैक्सीन की कुल 91,86,757 डोज दी गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों को 65,21,785 डोज दी गई हैं जिसमें से पहली डोज 61,79,669 लाभार्थियों को जबकि दूसरी डोज 3,42,116 लाभार्थियों को दी जा चुकी है। फ्रंट लाइन वर्कर्स को अब तक 26,64,972 डोज दी गई हैं।
गंभीर दुष्प्रभाव के मामले नहीं
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 16 फरवरी को शाम चार बजे तक जिन लोगों का टीकाकरण हुआ उनमें 22 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मंत्रालय का कहना है कि अब तक टीकाकरण के बाद गंभीर दुष्प्रभाव या इससे किसी की मौत के मामले सामने नहीं आए हैं। पहली खुराक दिए जाने के 28 दिन होने के बाद 13 फरवरी से लाभार्थियों को दूसरी खुराक दिए जाने की शुरुआत की गई थी। टीकाकरण अभियान के 32वें दिन (16 फरवरी) को कुल 7,001 सत्रों में टीकाकरण हुआ। इसमें कुल 2,76,943 लोगों को वैक्सीन दी गई। 16 फरवरी को टीकाकरण में 1,60,691 लोगों को पहली खुराक दी गई जबकि 1,16,252 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक दी गई।
बढ़ाए जाएंगे टीकाकरण केंद्र
कोरोना के खिलाफ गठित राष्ट्रीय टास्क फोर्स के प्रमुख डॉ. वीके पॉल का कहना है कि टीकाकरण में तेजी लाने के लिए वैक्सीनेशन सेंटरों की संख्या पांच गुना बढ़ाई जाएगी। समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक अभी रोजाना औसत तीन लाख लोगों को ही टीका लगाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस साल अगस्त तक तीन करोड़ लोगों को वैक्सीन दिए जाने का लक्ष्य रखा है।
18 राज्यों में कोई मौत नहीं
केरल और महाराष्ट्र को छोड़कर देश के अन्य राज्यों में कोरोना महामारी से हालात लगभग नियंत्रण में आ रहे हैं। आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश समेत देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस की वजह से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। इस दौरान 11 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं और इससे कुछ अधिक संख्या में मरीज ठीक भी हुए हैं। मरने वालों का दैनिक आंकड़ा जरूर कई दिन बाद 100 पर पहुंच गया है।
इन राज्यों में काबू में हालात
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जिन राज्यों में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है, उनमें उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पुडुचेरी और लक्षद्वीप भी शामिल हैं। मणिपुर, लद्दाख, असम, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव में भी पिछले 24 घंटों के दौरान महामारी से कोई मौत नहीं हुई है।
24 घंटे में 11,610 नए केस मिले
मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान 11,610 नए केस मिले हैं, 11,833 मरीज ठीक हुए हैं और 100 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ नौ लाख 37 हजार से अधिक हो गया है। इनमें से एक करोड़ छह लाख 44 हजार लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,55,913 मरीजों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97.33 फीसद हो गई है और मृत्युदर 1.43 फीसद पर बनी हुई है।
केरल और महाराष्ट्र में सक्रिय मामले ज्यादा
मंत्रालय ने बताया कि मरीजों के उबरने का क्रम बना हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप सक्रिय मामलों में गिरावट भी आ रही है। वर्तमान में 1,36,549 सक्रिय मामले हैं, जो कुल संक्रमितों का 1.25 फीसद है। सबसे ज्यादा केरल और महाराष्ट्र में सक्रिय मामले हैं।
मंगलवार को 6.44 लाख टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक, कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए मंगलवार को देशभर में 6,44,931 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनको मिलाकर अब तक कुल 20 करोड़ 79 लाख 77 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।