Weather Updates: पहाड़ी इलाकों में भीषण बर्फबारी, दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम, जानें- IMD का ताजा अपडेट
Weather Updates पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे ठंड से थोड़ी राहत मिली लेकिन कोहरे के कारण सुबह के समय दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता बहुत कम रही।
नई दिल्ली, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर में शनिवार को फिर से बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। इससे कश्मीर का देश के अन्य हिस्सों से सड़क और हवाई संपर्क कट गया। जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद होने से वाहनों को जगह-जगह रोक दिया गया है। वहीं, श्रीनगर हवाई अड्डे पर भी तमाम उड़ानें रद कर दी गई हैं। जम्मू संभाग में बारिश और बादल छाए रहने से कड़ाके की ठंड हो गई है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
दिल्ली को ठंड से राहत, कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे ठंड से थोड़ी राहत मिली, लेकिन कोहरे के कारण सुबह के समय दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता बहुत कम रही। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को ठंड फिर बढ़ सकती है और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन भी दिल्ली में घना कोहरा व कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य है।
कश्मीर में दिन भर होता रहा हिमपात
कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर शनिवार की सुबह हिमपात शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। श्रीनगर के साथ सटे इलाकों में सुबह जब लोग जगे तो घर, सड़कें व पेड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी थी। गुलमर्ग समेत वादी के सभी उच्च पर्वतीय इलाकों में भारी जबकि निचले इलाकों में सामान्य बर्फबारी जारी रही। गुलमर्ग में डेढ़ फीट ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी के चलते वादी के उच्च पर्वतीय क्षेत्र जिला मुख्यालयों से कट गए हैं। इसके साथ वादी के अधिकांश इलाकों में बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गई।
हाईवे बंद, उड़ानें भी हुई प्रभावित
जवाहर सुरंग के दोनों मुहानों पर ताजा बर्फबारी और रामबन में तेज बारिश से जम्मू-श्रीनगर हाईवे यातायात के लिए बंद हो गया। बर्फबारी के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही बर्फबारी और कम रोशनी के कारण शेड्यूल की गई तमाम उड़ानें रद कर दी गई। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, रनवे से बर्फ हटाने का काम तड़के से ही शुरू किया गया था, लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी से दिक्कत बनी हुई है।
कहां कितना तापमान
कश्मीर में ताजा बर्फबारी ने भीषण ठंड का प्रकोप किसी हद तक कम कर दिया है। शुक्रवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में शनिवार को थोड़ा सुधार देखने को मिला। श्रीनगर में रात का न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, गुलमर्ग में माइनस 4.8, पहलगाम में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो