Weather Update: ठंड से अगले कुछ दिन तक राहत नहीं, सुबह-शाम कोहरे से 12 ट्रेनें लेट
Weather Update पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में जहां एक ओर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है वहीं तेज हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में जहां एक ओर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं तेज हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा के साथ दिल्ली-NCR में भी ठंडी हवा चल रही है। दिन के समय खिली धूप से कुछ राहत जरूर मिलती है, लेकिन मौसम सर्द है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह और देर शाम घने कोहरे की स्थिति भी बन रही है। अगले कई दिन ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।
कोहर से ट्रेनें लेट
उत्तर भारत में कोहरे के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ रहा है। रेलवे की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, दिल्ली आने-जाने वाली 12 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, तो कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव और 2 दर्जन ट्रेनों को रद कर दिया गया है।
ठंड से राहत के आसार नहीं
प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण दिल्ली में ठंड बढ़ी है, लेकिन मौसम साफ रहने के कारण धूप निकल रही है। साथ ही दिल्ली में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल रही है। अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति रहेगी।
28 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश का अनुमान
इससे पहले बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 40 से 95 फीसद रहा। शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 20 जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 27 जनवरी को दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद मौसम कुछ साफ होगा। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच सकता है।
हवा की रफ्तार से सुधरा दिल्ली का प्रदूषण
दिल्ली में चल रही तेज हवा के कारण राजधानी में प्रदूषण का स्तर सुधर रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 211 दर्ज किया गया। एनसीआर की बात करें तो नोएडा में एयर इंडेक्स 211, फरीदाबाद में 92, गाजियाबाद में 220, ग्रेटर नोएडा में 219 और गुरुग्राम में 150 दर्ज हुआ। इस एयर इंडेक्स के अनुसार फरीदाबाद की हवा अच्छी, गुरुग्राम की सामान्य जबकि अन्य सभी जगहों बहुत खराब श्रेणी में रही।