छत्तीसगढ़: राष्ट्रीय राजमार्ग पर नक्सलियों ने बिछाई बारूदी सुरंग, बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय
नक्सली पुलिस बल के गुजरने वाले मार्ग पर घात लगाकर छिपे थे। जैसे ही पुलिस दल क्षेत्र में पहुंचा। नक्सलियों ने बल पर अंधाधुन फायरिंग शुरू कर दी।
सुकमा, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सली एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। नक्सलियों ने यहां राष्ट्रीय राजमार्ग में एक बड़ी बारूदी सुरंग बिछाई थी, जिसे शनिवार को बम निरोधक दस्ते ने खोजकर निष्क्रीय कर दिया। CRPF का दस्ता शनिवार की सुबह सर्चिंग पर निकला था। इसी दौरान उन्हें बस्तर को आंध्रप्रदेश और तेलंगाना से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से विस्फोटक सामग्री मिली।
दरअसल सीआरपीएफ को ग्रामीणों ने जानकारी दी। जिसके बाद क्षेत्र में सर्चिंग की गई। जांच के दौरान हाइवे क्षेत्र से विस्फोटक मिला। विस्फोटक मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता सक्रिय हो गया। बम निरोधक दस्ते के साथ बड़े पैमाने पर सुरक्षा दस्ता मौजूद था। विशेषज्ञों ने विस्फोटक की जांच की। विस्फोटक को निष्क्रिय कर दिया गया।
नई तकनीक से लगाया प्रेशर IED
नक्सलियों ने नई तकनीक का इस्तेमाल कर प्रेशर IED लगाया था। समय रहते इसका पता चल गया जिससे बड़ा हादसा टल गया। ज्ञात हो कि यह सड़क हैदराबाद समेत दक्षिण भारत के कई शहरों को बस्तर से जोड़ती है। व्यस्त हाइवे पर बम मिलने से इलाके में सनसनी मची रही।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में नक्सली फायरिंग के दौरान जंगल में भाग गए थे। नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को निशाना बनाया था। नक्सली पुलिस बल के गुजरने वाले मार्ग पर घात लगाकर छिपे थे। जैसे ही पुलिस दल क्षेत्र में पहुंचा। नक्सलियों ने बल पर अंधाधुन फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस बल ने फायरिंग के दौरान खुद को संभाला और जवाबी कार्रवाई की। पुलिस बल की ओर से हैवी फायर होने पर नक्सली जंगल में भागने लगे।
जंगल में पुलिस ने चलाया सर्चिंग ऑपरेशन
पुलिस ने नक्सलियों को लेकर जंगल में सर्चिंग भी की। पुलिस को पुगदा और कोरचा के बीच जंगल के क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। जिसके बाद डीआरजी दल, सीएएफ, आईटीबीपी और जिला पुलिस के बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
पुलिस दल सर्चिंग पर था, इसी दौरान रास्ते में छिपे नक्सलियों ने बल पर हमला कर दिया। क्षेत्र में आए दिन नक्सली सुरक्षा बलों के निशाना बनाते हैं। हालांकि कुछ नक्सलियों द्वारा आत्मसमर्पण भी किया जाता रहा है। मगर नक्सली हमले थमने का नाम नहीं ले रहे। हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से राज्यपाल अनुसुइया उइके ने भेंट की थी।