भरे बाजार में नक्सलियों ने चलाईं गोलियां, दो जवान जख्मी
छत्तीसगढ़ में बस्तर के अति संवेदनशील जिले बीजापुर के बासागुड़ा गांव में लगे साप्ताहिक बाजार में नक्सलियों ने दहशत फैलाने और पुलिस जवानों को निशाना बनाने के लिए गोलियां चलाईं।
बीजापुर (जेएनएन)। छत्तीसगढ़ में बस्तर के अति संवेदनशील जिले बीजापुर के बासागुड़ा गांव में लगे साप्ताहिक बाजार में नक्सलियों ने दहशत फैलाने और पुलिस जवानों को निशाना बनाने के लिए गोलियां चलाईं। एक जवान की पीठ पर गोली लगी है। वहीं एक अन्य जवान पर चाकू से हमले किए गए। घायल जवानों के नाम उमेश दुर्गम और शंकर पुनेम बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 8 राउंड गोलियां नक्सलियों ने भरे बाजार में चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसपी मोहित गर्ग ने इस घटना की पुष्टि की है।
वहीं दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि घटना में एक नक्सली को भी पुलिस जवानों ने मार गिराया है, लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं है। ताजा जानकारी के मुताबिक अब बाजार पूरी तरह खाली हो गया है और वहां नक्सलियों ने कब्जा जमा लिया है। वहीं दूसरी तरफ घायल जवानों को उपचार के लिए बीजापुर लाया गया है। यहां एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दहशत में बच्चे
बताया जा रहा है कि नजदीक ही पोटाकेबिन में कई बच्चे फंसे हुए हैं, जो एक कमरे में बंद हैं। क्षेत्र में पूरी तरह दहशत का माहौल कायम है। वहीं दूसरी तरफ घायल जवानों को उपचार के लिए बीजापुर लाया गया है। यहां एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल हरकत में आ गए हैं। घटना स्थल पर अतिरिक्त टीमें रवाना की गई हैं।
पहले भी होती रहीं हैं ऐसी घटनाएं
पुलिस जवानों पर हमला करने के लिए नक्सली अक्सर ऐसे ही भरे बाजार वाले माहौल का सहारा लेते हैं। भरी भीड़ में वे आम ग्रामीणों के बीच घुलमिल जाते हैं और पुलिस जवानों को अपना शिकार बनाते हैं।