मध्य प्रदेश में पुलिस पर नक्सली हमला, जवाबी गोलीबारी पर भागे नक्सली; कांस्टेबल हुआ घायल
पहाड़ी के निचले हिस्से में जवान पहुंचे तो घात लगाए बैठे नक्सलियों ने हमला कर दिया। हमले में कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह के गले में गोली लग गई।
बालाघाट, जेएनएन। मध्य प्रदेश में बालाघाट के जंगल में तलाशी के दौरान पुलिस पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवाब में पुलिस के जवानों ने भी गोलीबारी की, जिस पर नक्सली चट्टानों की आड़ लेकर भाग निकले। नक्सली हमले में हट्टा थाना क्षेत्र की गोदरी चौकी के कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह घायल हो गए हैं।
घायल कांस्टेबल को गोंदिया स्थित सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से नक्सलियों की मिल रही सूचना की तस्दीक करने गोदरी चौकी से ठाकुरटोला भानपुर के जंगल में पुलिस पार्टी को रवाना किया गया था। शुक्रवार सुबह गोदरी चौकी से पुलिस के करीब 20 जवानों की पार्टी तलाशी के लिए जंगल गई थी। पहाड़ी के निचले हिस्से में जवान पहुंचे तो घात लगाए बैठे नक्सलियों ने हमला कर दिया। हमले में कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह के गले में गोली लग गई। उन्हें गोंदिया स्थित सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार है। एसडीओपी नितेश भार्गव ने बताया कि सात पुलिस पार्टियां जंगल में तलाशी के लिए उतारी गई हैं। पुलिस जंगलों में नक्सलियों की तलाश कर रही है।
इलाके में बढ़ा दी गई तलाशी
बालाघाट के एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की खबर पर गोदरी चौकी से पुलिस पार्टी तलाशी के लिए रवाना की गई थी, जहां घात लगाकर बैठे नक्सलियों का पुलिस से सामना हो गया। मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान घायल हुआ है। अब वह खतरे से बाहर है। तलाशी बढ़ा दी गई है।
वहीं, इसके पहले पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से सटी सीमा पर स्थित परधौनी जंगल में हुई मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर हो गए थे। बाद में उनकी शिनाख्त कर ली गई। मारे गए हार्डकोर नक्सलियों पर कुल 15 लाख रुपये का इनाम था। इनमें दो महिला नक्सली भी शामिल हैं। इस मुठभेड़ में मदनवाड़ा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक श्याम किशोर शर्मा शहीद हो गए थे।